आग लगने से KBC और हसल की शूटिंग रुकी, अमिताभ-बादशाह को सुरक्षित बाहर निकाला गया
क्या है खबर?
मुंबई के गोरेगांव पूरब की फिल्म सिटी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां अचानक आग लग गई। आग प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे 'पति पत्नी और पंगा 2' के लिए बनाए गए अस्थायी सेट के बाहरी शेड में सोमवार शाम करीब 4 बजे लगी थी। कुछ ही देर में धुआं 'हसल' और 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट तक फैल गया। इसके बाद अमिताभ बच्चन और गायक बादशाह समेत सभी क्रू सदस्यों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया।
दुर्घटना
हादसे में नहीं हुआ कोई घायल
आग लगने से कई शो की शूटिंग रोकनी पड़ी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कोई भी दुर्घटना में घायल नहीं हुआ।
जिस वक्त आग लगी तब फिल्म की शूटिंग नहीं हो रही थी, जिसके चलते दुर्घटना स्थल पर क्रू या कोई अभिनेता मौजूद नहीं था।
ऑल इंडिया फिल्म एम्प्लॉयीज कन्फेडरेशन (AIFEC) के प्रेसिडेंट अशोक दुबे का कहना है कि अगर 'पति पत्नी और पंगा 2' की टीम शूटिंग कर रही होती तो हालात गंभीर हो सकते थे।
सुरक्षा
बढ़ते जा रहे हैं सेट पर आग लगने के मामले
अशोक ने कहा, "धुएं की वजह से अमित जी (अमिताभ बच्चन) को भी KBC सेट से बाहर आना पड़ा, जिससे शूटिंग करीब डेढ़ घंटे तक रुकी रही।"
उनके मुताबिक, शूटिंग वाली जगहों पर आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और बुनियादी सुरक्षा जांच को लेकर जरूरी ध्यान नहीं दिया जाता है।
उन्होंने रॉयल पाल्म्स में 10 दिन पहले हुई घटना का जिक्र किया, जहां शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी।
प्रतिक्रिया
संबंधित अधिकारियों की लापरवाही से बढ़ रहे हैं आग लगने के मामले
अशोक ने बताया, "फेडरेशन ने लेबर डिपार्टमेंट, BMC और फायर अथॉरिटीज समेत संबंधित अधिकारियों के साथ यह मुद्दा पहले ही उठा लिया है।"
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने हमेशा सेट पर स्ट्रक्चरल ऑडिट, फायर कंप्लायंस और सुरक्षा निरीक्षण की वकालत की है। हालांकि, उनकी बातों को अनसुना किया गया और सुरक्षा के लिहाज से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
इस हादसे के बाद फेडरेशन फिर राज्य सरकार से संपर्क करेगा और औपचारिक जांच की मांग करेगा।