ऑस्कर 2027 के लिए भारत की तैयारी शुरू, FFI ने भारतीय फिल्मों से मंगाए आवेदन
क्या है खबर?
फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने 99वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर 2027) में 'अंतरराष्ट्रपच फीचर फिल्म' श्रेणी के तहत भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली फिल्मों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए प्रविष्टि विंडो 4 अगस्त, 2026 से खुल चुकी है, जो 7 सितंबर, 2026 शाम 6 बजे तक खुली रहेगी। जो भी फिल्म निर्माता अपनी फिल्म को ऑस्कर की दौड़ में शामिल कराना चाहते हैं, वे इस तय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
घोषणा
FFI 19 सितंबर को करेगा भारत की आधिकारिक एंट्री का ऐलान
FFI के अध्यक्ष अभय सिन्हा के अनुसार, जल्द ही जूरी चेयरमैन व वरिष्ठ सदस्यों की नियुक्ति होगी। दावेदार फिल्मों की स्क्रीनिंग और वोटिंग के बाद ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री की घोषणा 19 सितंबर को की जाएगी।
दिशा-निर्देशों के तहत केवल वही फिल्में पात्र होंगी जो 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 के बीच सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैं। आवेदन प्रक्रिया 4 अगस्त से शुरू हो चुकी है, जो 7 सितंबर, 2026 तक चलेगी।
शर्ते
FFI ने तय किए सख्त नियम
ऑस्कर 2027 की दौड़ में शामिल होने के लिए फिल्मों का किसी कमर्शियल थिएटर में कम से कम लगातार 7 दिनों तक प्रदर्शित होना अनिवार्य है। फिल्म के मुख्य कलाकारों, तकनीशियनों और निर्माताओं के पास भारतीय पासपोर्ट होना चाहिए, वहीं फिल्म का कम से कम 60 प्रतिशत संवाद भारतीय भाषा में होना जरूरी है।
आवेदन के दौरान निर्माताओं को अंग्रेजी सबटाइटल वाली फिल्म, कास्ट-क्रू की लिस्ट और थिएट्रिकल रिलीज का सबूत जमा कराना होगा।