अब बड़े पर्दे पर दिखेगा छत्रपति शिवाजी महाराज का सफर, फिल्म 'बाल शिवाजी' का ऐलान
क्या है खबर?
महान देशभक्त, कुशल प्रशासक और महापराक्रमी छत्रपति शिवाजी महाराज की वीर गाथाओं से पूरी दुनिया परिचित है।
मराठा साम्राज्य के संस्थापक शिवाजी का जन्म 19 फरवरी, 1630 को शिवनेरी दुर्ग में हुआ था।
आज उनकी 392वीं जयंती के मौके पर उन पर आधारित फिल्म 'बाल शिवाजी' का ऐलान हुआ है, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज के युवा जीवन की उल्लेखनीय यात्रा को दिखाया जाएगा। आनंद मोशन पिक्चर्स और इरोज इंटरनेशनल ने फिल्म की घोषणा की है।
आइए पूरी खबर जानते हैं।
ऐलान
राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके रवि जाधव करेंगे फिल्म का निर्देशन
इरोज इंटरनेशनल, आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स और संदीप सिंह के लेजेंड स्टूडियोज ने फिल्म 'बाल शिवाजी'की घोषणा की है। फिल्म का टीजर रिलीज हो गया है।
इसका निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके निर्देशक रवि जाधव करने जा रहे हैं। यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज की बचपन की अनसुनी बहादुरी की घटनाओं पर आधारित होगी।
फिल्म में शिवाजी महाराज के जीवन के 12वें से 16वें साल का युवा दौर दिखाया जाएगा। जून, 2022 से फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।
खुलासा
2015 से फिल्म के लिए रिसर्च कर रहे थे निर्देशक रवि जाधव
रवि जाधव ने कहा, "फिल्म में हम जो दिखाना चाहते हैं, उसकी रिसर्च पर पूरे आठ साल लगे हैं। मैं 2015 से ही इस विषय पर फिल्म बनाना चाहता था। पिछले साल संदीप सिंह से मेरी मुलाकात हुई और उन्होंने इसके महत्व को समझा। आखिरकार शिवाजी भारत के महानतम शासकों में से थे।"
उन्होंने कहा, "यह बेशक दुनियाभर के सभी युवाओं के लिए एक प्रेरक फिल्म होगी। यह महान शासक छत्रपति शिवाजी महराज को हमारी तरफ से एक श्रद्धांजलि है।"
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
रवि जाधव एक जाने-माने निर्देशक, अभिनेता और निर्माता हैं। उन्होंने 2010 में मराठी म्यूजिक ड्रामा फिल्म 'नटरंग' के साथ निर्देशन की शुरुआत की और मराठी में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए 2009 का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता। उनकी फिल्म 'बालगंधर्व' ने तीन राष्ट्रीय पुरस्कार जीते।
बयान
क्या बोले फिल्म के निर्माता संदीप सिंह?
संदीप सिंह ने कहा, "मैं हमेशा एक ऐतिहासिक फिल्म बनाना चाहता था, इसलिए जब रवि ने इस फिल्म के लिए मुझसे संपर्क किया तो मैं तुरंत तैयार हो गया। यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि हम छत्रपति शिवाजी महाराज जैसी महान हस्ती पर फिल्म बना रहे हैं।"
इरोज इंटरनेशनल के कार्यकारी निदेशक प्रदीप द्विवेदी ने कहा, "यह छत्रपति महाराज शिवाजी की अनकही कहानी को बताने का सही समय है। उनके शुरुआती जीवन से शायद ही लोग वाकिफ होंगे।"
सितारे
ये कलाकार पर्दे पर निभा चुके हैं छत्रपति शिवाजी का किरदार
फिल्म 'मी शिवाजीराजे भोसले बोलतोय' में महेश मांजरेकर ने शिवाजी की भूमिका निभाई थी। अमोल कोल्हे ने अपने करियर में सबसे पहले स्टार प्रवाह की सीरीज 'राजा शिवछत्रपती' में यह किरदार निभाया था।
अभिनेता शरद केलकर ने फिल्म 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' में राजे शिवाजी की भूमिका निभाई।
पारस अरोड़ा को टीवी पर छत्रपति शिवाजी महाराज के यंग किरदार की भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। अभिनेता सूर्यकांत ने भी कई फिल्मों में शिवाजी की भूमिका निभाई है।
परिचय
कौन थे छत्रपति शिवाजी महाराज?
भारतीय इतिहास के मुगलकाल में मराठाओं ने जो देश के लिए योगदान दिया है, उसमें सबसे प्रमुख छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम सबसे प्रमुखता से लिया जाता है।
19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती मनाई जाती है। महाराष्ट्र के लोग इस दिन को बहुत गर्व के साथ मनाते हैं और कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जुलूसों का आयोजन करते हैं।
छत्रपति शिवाजी महाराज भारत के सबसे बहादुर शासकों में से एक थे। वह मराठा साम्राज्य के संस्थापक थे।