मुंबई के मॉल में FDA की बड़ी कार्रवाई, तुकाराम मुंढे ने बंद कराए फूड काउंटर
क्या है खबर?
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंढे और उनकी टीम ने खाने-पीने की चीजों में लापरवाही बरतने वाले कई रेस्तरां पर सख्त कार्रवाई की है। अब इस कार्रवाई की चपेट में मुंबई का एक मशहूर मल्टीप्लेक्स भी आ गया है। R-City मॉल के INOX थिएटर में नियमों की अनदेखी मिलने पर FDA ने अचानक छापा मारकर फूड काउंटर्स को बंद करा दिया है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद मॉल और मल्टीप्लेक्स संचालकों में हलचल मच गई है।
कार्रवाई
मुंबई के INOX में बिना स्नैक्स के चलीं फिल्में
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, FDA ने घटकोपर स्थित R-सिटी मॉल के INOX मल्टीप्लेक्स में नियमों की अनदेखी पाए जाने पर उसके फूड एंड बेवरेज एरिया को सील कर दिया है।
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण फूड काउंटर्स को 5 दिनों के लिए बंद कर दिया गया। एक दुर्लभ वाकया देखने को मिला, जहां मल्टीप्लेक्स में फिल्मों का प्रदर्शन तो जारी रहा, लेकिन दर्शकों को स्नैक्स और पेय पदार्थ बेचने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई।
छूट
सील हुए फूड काउंटर तो दर्शकों को मिली बाहर से खाना लाने की छूट
इस स्थिति के कारण मल्टीप्लेक्स प्रबंधन ने दर्शकों को बाहर से खाना लाने की अनुमति दी, जो आमतौर पर सिनेमाघरों में प्रतिबंधित होता है।
सूत्र ने बताया कि R-सिटी मॉल स्थित INOX का F एंड B एरिया 9 अक्टूबर को सील किया गया था, जिसे 13 अक्टूबर को दोबारा खाना बेचने की अनुमति मिली।
हालांकि, फूड काउंटर्स को बंद करने की असली वजह और किस नियम का उल्लंघन हुआ था, इसका सटीक कारण अभी सामने नहीं आया है।