दीपिका पादुकोण के समर्थन में आईं इशिता दत्ता, 8 घंटे की शिफ्ट पर कही ये बात
क्या है खबर?
दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की काम की शिफ्ट की मांग को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में छिड़ी बहस के बीच अब 'दृश्यम 3' की अभिनेत्री इशिता दत्ता ने भी अपनी राय रखी है। इशिता ने इस मांग को अनुचित मानने से इनकार किया। 'द फ्री प्रेस जर्नल' को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि प्रोडक्शन हाउस को इस मांग को स्वीकार या अस्वीकार करने का पूरा अधिकार है, लेकिन इस पर सवाल उठाना या इसका मजाक उड़ाना सही नहीं है।
तंज
इशिता ने निर्माताओं पर कसा तंज
इशिता ने कहा, "मैं यह कह रही हूं कि 8 घंटे की शिफ्ट देना या न देना आपकी निजी पसंद है, इसलिए प्रोडक्शन मना कर सकता है, लेकिन इसे बहुत बड़ा मुद्दा बनाना और इसे सही न ठहराने की कोशिश करना ही इसकी असल समस्या है।"
इशिता ने आगे तंज कसते हुए कहा, "यह समझने के लिए कि इसमें कितनी मेहनत लगती है, आपको खुद मां बनकर देखना होगा।"
समर्थन
इशिता ने किया बहस का समर्थन
इशिता ने इस बहस का समर्थन करते हुए कहा, "कई अभिनेता हैं, जो 12-15 घंटे काम करने को तैयार हैं। लेकिन आप किसी दूसरे व्यक्ति को यह कहकर कमतर नहीं आंक सकते कि यह मांग गलत है।"
क्या वह भी ऐसी ही कोई मांग कर सकती हैं, इस बारे में बात करते हुए इशिता ने कहा, "अगर ऐसी जगह पर हों जहां आप मांग कर सकें, तो शायद मैं भी मांग करती। मुझे नहीं लगता कि मैं उस मुकाम हूं।"
मामला
क्या है पूरा मामला?
दीपिका की 8 घंटे काम करने की मांग पर बहस 2025 में तेज हुई थी। उस दौरान खबरें आईं कि काम के घंटों और अन्य पेशेवर शर्तों पर असहमति के चलते उन्होंने संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' और 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल से दूरी बना ली।
बाद में दीपिका ने आलोचना का जवाब देते हुए कहा था कि कई पुरुष सुपरस्टार सालों से 8 घंटे काम करते रहे हैं, लेकिन उन्हें आलोचना नहीं झेलनी पड़ी।