बॉक्स ऑफिस: 'ड्रीम गर्ल 2' का संघर्ष जारी, जल्द सिनेमाघरों से हटाई जाएगी फिल्म
25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई आयुष्मान खुराना की 'ड्रीम गर्ल 2' को दर्शकों का बेशुमार प्यार मिला। फिल्म पहले ही दिन से टिकट खिड़की पर धमाल मचा रही थी। पूजा बने आयुष्मान ने फिर दर्शकों के दिलों की घंटी बजा दी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से 'ड्रीम गर्ल 2' की दैनिक कमाई में गिरावट लगातार जारी है। ऐसे में फिल्म को जल्द सिनेमाघरों से जल्द हटाया जा सकता है।
जानिए 'ड्रीम गर्ल 2' का अब तक का कारोबार
'ड्रीम गर्ल 2' को सिनेमाघरों में रिलीज का यह चौथा हफ्ता चल रहा है और इसकी कमाई अभी भी जारी है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 28वें दिन महज 30 लाख रुपये का कारोबार किया, जो अब तक की सबसे कम कमाई है। अब 'ड्रीम गर्ल 2' का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 104.64 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म ने दुनियाभर में 138 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है।
इन सितारों से सजी है फिल्म
ड्रीम गर्ल 2' में आयुष्मान की जोड़ी पहली बार अनन्या पांडे के साथ बनी है और यह अनन्या की पहली ऐसी फिल्म है जिसने टिकट खिड़की पर 100 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार किया है। फिल्म में अन्नू कपूर, परेश रावल, सीमा पहवा, विजय राज, मनोज जोशी, राजपाल यादव और असरानी भी हैं। इसका निर्देशन राज शांडिल्य ने किया है। 'ड्रीम गर्ल 2' 2019 में आई 'ड्रीम गर्ल' का सीक्वल है। यह फिल्म ZEE5 पर उपलब्ध है।