दिलजीत दोसांझ बने 'बिलबोर्ड कनाडा' के कवर पेज पर दिखने वाले पहले भारतीय कलाकार
क्या है खबर?
दिलजीत दोसांझ की लोकप्रियता में दिन-ब-दिन इजाफा हो रहा है। उनके चाहनेवालों की भीड़ दुनियाभर में है।
दिलजीत पंजाब के वो कलाकार हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में भी अपनी धाक जमाई है। बहुमुखी प्रतिभा के धनी दिलजीत के नाम अब एक नई उपलब्धि जुड़ गई है।
दरअसल, वह बिलबोर्ड कनाडा के कवर पर आने वाले पहले भारतीय कलाकार बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से उनके प्रशंसक सातवें आसमान पर हैं और उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
ऐलान
दिलजीत ने रच दिया इतिहास
बिलबोर्ड कनाडा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह घोषणा की गई है। पोस्ट में लिखा है, 'दिलीजत कनाडा बिलबोर्ड के विशेष संस्करण के कवर पेज पर प्रदर्शित होने वाले पहले भारतीय कलाकार बन दुनियाभर में इतिहास रचने वाले हैं। यह प्रतिष्ठित प्रकाशन के लिए एक बेहद यादगार क्षण है।'
इस पर एक यूजर ने लिखा, 'भारतीय होने साथ पंजाबी होने पर भी गर्व है।' एक लिखते हैं, 'भारत का नाम दुनियाभर में रोशन करने के लिए शुक्रिया दिलजीत पाजी।'
टूर
अपने दिल लुमिनाटी टूर को लेकर चर्चा में हैं दिलजीत
पिछले कुछ समय से दिलजीत अपने 'दिल-लुमिनाटी टूर' को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने अपने 2 नए संगीत कार्यक्रमों का ऐलान किया था।
उन्होंने बताया था कि वह 3 नवंबर को जयपुर में लाइव शो करेंगे। दिल्ली में जहां वह पहले से ही 26 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शो करने वाले थे, वहां उन्होंने 27 अक्टूबर को अब अपना एक और शो जोड़ा है।
इस से पहले दिलजीत ने यूरोप में कई शो किए थे।