Page Loader
ध्रुवी पटेल कौन हैं, जिन्होंने जीता 'मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2024' का खिताब?
ध्रुवी पटेल ने जीता 'मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2024' का खिताब (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@dhruvipatel.1)

ध्रुवी पटेल कौन हैं, जिन्होंने जीता 'मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2024' का खिताब?

Sep 20, 2024
12:28 pm

क्या है खबर?

अमेरिका की कंप्यूटर इनफार्मेशन सिस्टम की छात्रा ध्रुवी पटेल खूब चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर भी वह छाई हुई हैं। उनका चर्चा में रहना बनता भी है, ध्रुवी ने 'मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2024' का खिताब जो अपने नाम कर लिया है। 'मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2024' भारत के बाहर सबसे लंबे समय तक चलने वाली भारतीय प्रतियोगिता है। इसके बाद से बेशक आपके जहन में यह सवाल उठ रहा होगा कि आखिर ध्रुवी हैं कौन? आइए उनके बारे में जानें।

इच्छा

बॉलीवुड अभिनेत्री बनना चाहती हैं ध्रुवी

प्रतियोगिता जीतने के बाद ध्रुवी ने बॉलीवुड में कदम रखने और यूनिसेफ की राजदूत बनने की इच्छा जाहिर की। एडिसन, न्यू जर्सी में ताज पहनने के बाद ध्रुवी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मिस इंडिया वर्ल्डवाइड जीतना एक अविश्वसनीय सम्मान है। यह एक ताज से कहीं बढ़कर है। यह मेरी विरासत, मेरे मूल्यों और वैश्विक स्तर पर दूसरों को प्रेरित करने के अवसर का प्रतिनिधित्व करता है।" बता दें कि यह मिस इंडिया वर्ल्डवाइड का 34वां संस्करण था।

ट्विटर पोस्ट

ध्रुवी के सिर सजा मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2024 का ताज

परिचय

कहां रहती हैं और क्या करती हैं ध्रुवी?

ध्रुवी ग्रीस्वॉल्ड कनेक्टिकट की रहने वाली हैं। वह अमेरिका के शहर कनेक्टिकट में स्थित क्विनिपियाक विश्वविद्यालय से कंप्यूटर इनफार्मेशन सिस्टम की पढ़ाई कर रही हैं। ध्रुवी को 8 साल की उम्र से ही सौंदर्य प्रतियोगिता आकर्षित करती थी। उन्हें बचपन से ही चमक-धमक और ग्लैमर की दुनिया बहुत पसंद थी, लेकिन स्कूल की वजह से वह इस क्षेत्र में कुछ नहीं कर पाईं। हालांकि, अब उन्होंने अपने जुनून और पढ़ाई के साथ संतुलन बनाना सीख लिया है।

NGO

अपना NGO भी चलाती हैं ध्रुवी

बता दें कि इससे पहले 2023 में ध्रुवी को मिस इंडिया न्यू इंग्लैंड का ताज पहनाया गया था। वह अपने घर से 3Dचैरिटीज नाम का एक NGO चलाती है। वह स्वयंसेवा करने के साथ-साथ जरूरतमंदों के लिए भोजन अभियान और फंड जुटाने की कोशिश भी करती हैं। इसके अलावा ध्रुवी यूनिसेफ और फीडिंग अमेरिका जैसे गैर सरकारी संगठन में भी दान देकर अपना योगदान देती हैं। ध्रुवी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर लगभग 19,000 फॉलोअर्स हैं।

प्रेरणा

पिता को अपनी प्रेरणा मानती हैं ध्रुवी

ध्रुवी को पेंटिंग, दोस्तों और अपने परिवार के साथ समय बिताने का भी शौक है। वह अपने पिता को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा मानती हैं। ध्रुवी के मुताबिक, उनके पिता ने हमेशा उन पर भरोसा किया है और उनका समर्थन किया है, वहीं उनकी मां भी उनका मनोबल बढ़ाती रहती हैं। अपने माता-पिता की बदौलत ही वह मंच पर जाकर कुछ बोलने की हिम्मत और आत्मविश्वास जुटा पाती हैं। मिस इंडिया वर्ल्डवाइड की चाह ध्रुवी को लंबे समय से थी।