Page Loader
घबराहट की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हुईं दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण की बिगड़ी तबीयत (फोटो: इंस्टाग्राम/@deepikapadukone)

घबराहट की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हुईं दीपिका पादुकोण

Sep 27, 2022
08:01 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की सोमवार रात तबीयत बिगड़ने पर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद किसी तरह की आशंका को दूर करने के लिए उनकी कई तरह की जांच की गई। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार दीपिका को घबराहट होने के कारण अस्पताल ले जाया गया था जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया। अभी उनकी सेहत ठीक है। हालांकि, इस बारे में उनके परिवार या टीम की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।

चिंता

कुछ महीने पहले भी जाना पड़ा था अस्पताल

कुछ महीने पहले ही हैदराबाद में दीपिका को उनकी फिल्म के सेट से अस्पताल ले जाना पड़ा था। यहां वह प्रभास स्टारर फिल्म 'K-प्रोजेक्ट' की शूटिंग कर रही थीं। तभी उनकी धड़कन काफी बढ़ने के कारण अस्पताल ले जाना पड़ा था। उस वक्त भी उन्हें लगभग आधे दिन तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। हालांकि, टीम ने उनकी तबीयत की वजह से शूटिंग में किसी तरह की बाधा की बात से इनकार किया था।

सेहत

अपनी सेहत का खास ध्यान रखती हैं दीपिका

दीपिका अपनी सेहत का खास ध्यान रखती हैं। वह नियमित रूप से व्यायाम तो करती ही हैं, साथ ही योग भी उनके डेली रूटीन में शामिल है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में उनके डायटीशियन की तरफ से बताया गया है कि वह अपनी सुबह की शुरुआत एक गिलास गर्म पानी से करती हैं। नाश्ते में वह दो अंडे, कम वसा वाला दूध, उपमा, इडली या डोसा और लंच में रोटी, ताजी सब्जियां और ग्रिल्ड फिश खाना पसंद करती हैं।

आगामी फिल्में

इन फिल्मों में नजर आने वाली हैं दीपिका

चर्चा है कि दीपिका अयान मुखर्जी की बहुचर्चित फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के दूसरे भाग में मुख्य भूमिका निभाएंगी। वह अगले साल जनवरी में रिलीज हो रही शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' में नजर आएंगी। इसके अलावा वह प्रभास के साथ फिल्म K-प्रोजेक्ट में काम कर रही हैं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन भी नजर आएंगे। वह एटली द्वारा निर्देशित शाहरुख और नयनतारा की फिल्म 'जवान' में गेस्ट अपियरेंस में नजर आएंगी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

दीपिका ने 2007 में फिल्म 'ओम शांति ओम' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में वह शाहरुख के ऑपोजिट नजर आई थीं। खास बात यह है कि अपनी पहली फिल्म के लिए दीपिका ने कोई फीस नहीं ली थी।