राखी सावंत के खिलाफ कोर्ट ने क्यों जारी किया गैर-जमानती वारंट? जानिए अब आगे क्या होगा
क्या है खबर?
अभिनेत्री राखी सावंत पर मुसीबतों के बादल मंडरा रहे हैं। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, 2010 के एक आत्महत्या मामले में राखी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया गया है। अभिनेत्री बार-बार बुलाने के बाद भी अदालत के सामने पेश नहीं हो रही थीं, जिसके चलते फास्ट ट्रैक कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने ये वारंट जारी किया। इस मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को होने वाली है।
मामला
जानें क्या है पूरा विवाद
ये मामला झांसी के रहने वाले लक्ष्मण अहिरवार से जुड़ा है, जिन्होंने कथित तौर पर राखी के कारण 10 नवंबर, 2010 को आत्महत्या कर ली थी।
आरोप है कि उन्होंने ये कदम तब उठाया, जब राखी के टीवी शो 'राखी का इंसाफ' में अभिनेत्री ने उनसे अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।
लक्ष्मण की मां, सावित्री ने प्रेम नगर पुलिस स्टेशन में सावंत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
मुश्किलें
आई जेल जाने की नौबत?
राखी के शो में 2010 में आए लक्ष्मण और उनकी पत्नी अनीता के बीच विवाद चल रहा था।
शिकायत के मुताबिक, शो में राखी ने लक्ष्मण को अपमानित किया। उनके लिए 'नामर्द' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
शो से लौटने के बाद लक्ष्मण ने आत्महत्या कर ली थी। इसी मामले में राखी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है। उन्हें आत्मसमर्पण कर जमानत के लिए अर्जी देनी होगी। ऐसा न करने पर उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है।