Page Loader
शुरू होने से पहले ही 'बिग बॉस 15' से बाहर हुईं अफसाना खान, जानिए कारण
'बिग बॉस 15' से क्यों बाहर हुईं कन्फर्मड प्रतिभागी अफसाना खान?

शुरू होने से पहले ही 'बिग बॉस 15' से बाहर हुईं अफसाना खान, जानिए कारण

Sep 29, 2021
05:06 pm

क्या है खबर?

हाल में 'बिग बॉस OTT' के पहले सीजन का खिताब दिव्या अग्रवाल ने जीता है। अब सलमान खान के शो 'बिग बॉस 15' की चर्चा हर तरफ हो रही है। आए दिन शो से कई हस्तियों के नाम जोड़े जा रहे हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि पंजाबी गायिका अफसाना खान शो में शामिल होने से पहली ही बाहर हो गई हैं। उन्होंने पैनिक अटैक आने के कारण खुद को इस शो से बाहर कर लिया है।

जानकारी

अफसाना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में दी जानकारी

अफसाना 'बिग बॉस 15' की कन्फर्मड प्रतिभागी थीं। उन्हें इस शो के प्रोमो में भी देखा गया था। हालांकि, अब अफसाना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने शो से बाहर होने का फैसला किया है। उन्होंने शो से बाहर होने के लिए अपने प्रशंसकों से माफी मांगी है। बताया जा रहा है कि शो में शामिल होने से पहले उन्हें होटल के कमरे में घबराहट होने लगी थी।

सूचना

अपने घर पंजाब लौट चुकी हैं अफसाना

घबराहट होने के बाद अफसाना को मेडिकल सुविधा दी गई। कहा जा रहा है कि अब अफसाना वापस अपने घर पंजाब लौट चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत अभी ठीक नहीं है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने के बाद उन्होंने शो से हटने का फैसला किया है। अब वह 'बिग बॉस 15' में नजर नहीं आएंगी। हनी सिंह और सलीम मर्चेंट जैसे दिग्गज हस्तियों ने उन्हें ठीक होने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

जानकारी

कौन हैं अफसाना?

अफसाना एक पंजाबी गायिका हैं, जिन्होंने 2012 में सिंगिग रियल्टी शो 'वॉयस ऑफ पंजाब' के तीसरे सीजन में हिस्सा लिया था। उन्हें उनके गाने 'तितलियां' से खूब लोकप्रियता मिली थी।

प्रसारण

'बिग बॉस 15' का प्रसारण 2 अक्टूबर से होगा शुरू

इस बार शो का थीम 'जंगल में संकट' है। 'बिग बॉस 15' का प्रसारण 2 अक्टूबर से कलर्स चैनल पर शुरू होगा। शो में शामिल होने के लिए कुछ प्रतिभागियों के नाम सामने आ चुके हैं। इनमें शमिता शेट्टी, डोनल बिष्ट, प्रतीक सहजपाल, निशांत भट, करण कुंद्रा, तेजस्वी प्रकाश और सिम्बा नागपाल के नाम शामिल हैं। वूट पर शो का सफर रोमांचकारी रहा। फिनाले में शमिता, निशांत, प्रतीक और राकेश बापट ने जगह बनाई थी।

पहला सीजन

2006 में आया था 'बिग बॉस' का पहला सीजन

'बिग बॉस 15' में एक सीट बुक करने के बदले विजेता की ट्रॉफी की दौड़ से बाहर निकलने का मौका दिया गया था। मौके को भुनाते हुए प्रतीक 'बिग बॉस 15' के पहले प्रतियोगी बने। यह लोकप्रिय शो अमेरिकी टीवी रियलिटी शो 'बिग ब्रदर' के प्रारूप का अनुसरण करता है। 'बिग बॉस' की सफलता अब 15वें सीजन में कदम रख चुकी है। रुबीना दिलैक शो के पिछले सीजन की विजेता थीं। 'बिग बॉस' का पहला सीजन 2006 में आया था।