LOADING...
रणबीर कपूर के खिलाफ शिकायत दर्ज, केक पर शराब डालकर कहा था 'जय माता दी'
रणबीर कपूर के खिलाफ शिकायत दर्ज

रणबीर कपूर के खिलाफ शिकायत दर्ज, केक पर शराब डालकर कहा था 'जय माता दी'

Dec 28, 2023
09:41 am

क्या है खबर?

रणबीर कपूर और उनके परिवार के सदस्यों पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है और अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। यह मामला क्रिसमस पार्टी से जुड़ा है। दरअसल, हाल ही में रणबीर और आलिया भट्ट का अपने परिवार संग क्रिसमस मनाते एक वीडियो सामने आया है, जिसमें रणबीर पहले केक पर शराब डालकर आग लगाते हैं और फिर 'जय माता दी' बोलते हैं। यह वीडियो सामने आने पर लोग उन पर भड़क गए।

मामला

क्या है शिकायत पत्र में? 

रणबीर और उनके परिवार के खिलाफ शिकायत वकील संजय तिवारी ने बॉम्बे हाई कोर्ट के वकील आशीष राय और पंकज मिश्रा के जरिए की है। उन्होंने शिकायत पत्र में लिखा, 'हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य से पहले शुद्ध चीजों और सामग्री की आहूति देकर अग्नि देवता का आह्वान किया जाता है, लेकिन रणबीर ने इसके लिए शराब का इस्तेमाल किया, जोकि हिंदू धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।'

इंस्टाग्राम पोस्ट

विवादित वीडियो 

नाराजगी

सोशल मीडिया पर भी भड़के लोग

सोशल मीडिया पर भी लोग रणबीर के 'जय माता दी' कहने से भड़क गए। एक यूजर ने लिखा, 'केक पर दारू डालकर जय माता दी बोलना वाहियात है। हम लोग फिर भी इन्हें अपना आदर्श मानते हैं।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'हम लोग स्टार बोलकर इन्हें सिर पर चढ़ाते हैं, ये कैसा स्टार है?' कई यूजर का रणबीर के बचाव में कहना है कि यह उनका बस जश्न मनाने का तरीका है, इस पर इतना बवाल नहीं करना चाहिए।

विवाद 

पहले भी रणबीर पर लगे ऐसे आरोप

यह पहली बार नहीं है, जब रणबीर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है। कुछ साल पहले रणबीर ने एक बयान में कहा था कि वह गौमांस खाना पसंद करते हैं। उस वक्त कई धार्मिक संगठनों ने उनका विरोध किया था और उन्हें गैर-हिंदु बताया था। फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के प्रचार के दौरान रणबीर और आलिया उज्जैन के महाकाल मंदिर दर्शन करने गए थे, तो इसी बयान की वजह से उन्हें मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया गया।

फिल्में 

'एनिमल' के लिए चर्चा में हैं रणबीर

रणबीर इन दिनों अपनी फिल्म 'एनिमल' के लिए चर्चा में हैं। फिल्म में उनका दमदार अंदाज नजर आया है। पर्दे पर पहली बार उन्होंने बेहद हिंसक किरदार निभाया है। संदीप रेड्डी वांगा की यह फिल्म विवादों में भी है। चर्चा है कि वह नितेश तिवारी की 'रामायण' में राम का किरदार निभाएंगे। हालांकि, इस पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। वह आर्यन खान की वेब सीरीज 'स्टारडम' में मेहमान बनकर शामिल होंगे।