Page Loader
गणेश हेगड़े बतौर निर्देशक करेंगे अपनी शुरुआत, 9 साल पहले किया था पहली फिल्म का ऐलान
गणेश हेगड़े कर रहे अपनी पहली फिल्म लाने की तैयारी

गणेश हेगड़े बतौर निर्देशक करेंगे अपनी शुरुआत, 9 साल पहले किया था पहली फिल्म का ऐलान

लेखन मेघा
Jan 09, 2024
11:18 am

क्या है खबर?

गणेश हेगड़े बॉलीवुड के जाने-माने कोरियोग्राफर हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री को फिल्म 'रा.वन' के 'छम्मक छल्लो' और 'प्यार किया तो डरना क्या' के 'ओ ओ जाने जाना' जैसे कई सुपरहिट गाने दिए हैं। हेगड़े ने 2015 में निर्देशक की कुर्सी पर बैठने का ऐलान किया था, लेकिन उनकी यह योजना पूरी नहीं हो सकी थी। हालांकि, अब कोरियोग्राफर 9 साल बाद बतौर निर्देशक अपना सफर शुरू करने के लिए तैयार हैं और इसी साल उनकी फिल्म की शूटिंग शुरू होगी।

देरी 

कोरोना महामारी की वजह से हुई और देरी- हेगड़े

न्यूज 18 के साथ बातचीत में हेगड़े ने बताया कि वह इन दिनों 2 प्रोजेक्ट पर साथ में काम कर रहे हैं और इसके चलते काफी व्यस्त चल रहे हैं। इनमें से एक की शूटिंग इस साल शुरू होगी। जब हेगड़े से सवाल किया गया कि उन्हें 9 साल क्यों लग गए तो उन्होंने बताया कि उनकी स्क्रिप्ट तैयार थी और वो कोरोना वायरस महामारी से पहले उसे अंतिम रूप देने वाले थे, लेकिन फिर सब कुछ बंद हो गया।

बदलाव

स्क्रिप्ट में होंगे बदलाव

हेगड़े कहते हैं कि महामारी के बाद इंडस्ट्री धीरे-धीरे उबर रही थी और अब 2023 बहुत अच्छा साल रहा। अब दर्शक एक तरह की फिल्में देखने पसंद कर रहे हैं और उन्हें बदलते समय के साथ तालमेल बिठाने के लिए अपनी स्क्रिप्ट पर दोबारा काम करना होगा। वह कहते हैं कि जिन बड़ी फिल्मों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, वो नहीं चलीं तो कुछ 1,000 करोड़ कमाने में सफल रही। ऐसे में उन्हें अपनी कहानी पर ध्यान देना होगा।

बयान

"स्क्रिप्ट का आज के समय में प्रासंगिक होना जरूरी"

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए हेगड़े ने कहा, "आपको यह सोचने की जरूरत है कि क्या जिस स्क्रिप्ट के बारे में आपने 5 साल पहले सोचा था वह आज के समय में प्रासंगिक होगी और क्या यह एक ऐसा विषय है, जिसे अच्छी शुरुआत मिलेगी।" वह कहते हैं कि आज लोगों के पास फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने के 4 से 5 हफ्ते बाद ही उसे OTT पर देखने का विकल्प है इसलिए अच्छी कहानी जरूरी है।

रिलीज

सिनेमाघरों या  OTT, कहां आएंगी फिल्में?

अभी हेगड़े नहीं जानते कि उनकी फिल्में सिनेमाघरों में आएंगी या फिर OTT का रास्ता अपनाएंगी। वह स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और देखने चाहते हैं कि जिस कहानी को वे कहना चाह रहे हैं, वो सही तरीके से सामने आ रही है। अगर यह सिनेमाघरों में लाने के लिए सही नहीं लगेंगी तो फिल्में OTT पर दस्तक देंगी। हेगड़े को कुछ अलग करना है इसलिए वह जानते हैं कि उन्हें धैर्य रखकर अपनी बारी का इंतजार करना होगा।

जानकारी

हेगड़े का सफर

हेगड़े ने 2005 में म्यूजिक एल्बम 'G' से सफर शुरू किया था। उन्होंने फिल्मों के साथ कई पुरस्कार समारोह में भी कोरियोग्राफी की है। उन्होंने 'टेम्पटेशंस 2004' नाम के बॉलीवुड रॉक कॉन्सर्ट को भी कोरियोग्राफ किया है, जिसमें सितारों ने अमेरिका का दौरा किया था।