LOADING...
गौरी खान ने अपने आशियाने 'मन्नत' के अलावा इन बॉलीवुड सितारों के घर भी किए डिजाइन
गौरी खान कई सितारों के घर कर चुकी हैं डिजाइन (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@gaurikhan)

गौरी खान ने अपने आशियाने 'मन्नत' के अलावा इन बॉलीवुड सितारों के घर भी किए डिजाइन

लेखन मेघा
Oct 08, 2023
07:30 am

क्या है खबर?

शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। वह अक्सर ही शाहरुख के साथ नजर आती हैं और सुर्खियों में बनी रहती हैं। गौरी एक मशहूर इंटीरियर डिजाइनर हैं, जिन्होंने बॉलीवुड की तमाम हस्तियों के आशियाने को सजाया है। 8 अक्टूबर, 1970 को दिल्ली में जन्मी गौरी आज अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं। आइए आज इस खास मौके पर उनके द्वारा डिजाइन किए गए कुछ सितारों के घरों के बारे में जानते हैं।

#1

करण जौहर के बच्चों की नर्सरी को भी किया डिजाइन

फिल्म निर्माता और निर्देशक करण जौहर एक आलीशान डुप्लेक्स घर में रहते हैं, जिसकी छत पर पार्टी का आयोजन भी होता है। ऐसे में गौरी ने इस बात को ध्यान में रखते हुए छत को बड़े ही शानदार ढंग से सजाया है। इसके अलावा करण के बच्चों यश और रूही की नर्सरी को भी गौरी ने ही डिजाइन किया है, जिसका रंग उन्होंने सफेद रखा है। नर्सरी की दीवार पर पेड़ और रंग-बिरंगी चिड़ियां भी बनाई गई है।

#2

जैकलीन फर्नांडिस का घर भी सजाया

जैकलीन फर्नांडिस के मुंबई के अपार्टमेंट को भी गौरी ने ही उनके सपनों के घर में तब्दील किया है। अभिनेत्री की अपने घर की सबसे पसंदीदा जगह उनकी किताबों को पढ़ने वाली है, जिसे उन्हीं की पसंद से गौरी ने बनाया है। यहां किताबों को रखने के लिए एक लड़की की छोटी सी जगह बनाई गई है और एक बड़ा और आरामदायक सोफा भी लगाया है। इसी तरह अभिनेत्री के लिए एक छोटी सीढ़ी भी डिजाइन की गई है।

#3

रेड चिलीज के ऑफिस को कोरोना में दिया नया लुक

गौरी ने अपने और शाहरुख के आलीशान बंगले मन्नत के साथ ही रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के ऑफिस को भी डिजाइन किया है। उन्होंने 2020 में कोरोना वायरस के दौरान लगे लॉकडाउन में रेड चिलीज के ऑफिस में कई बदलाव किए थे। उन्होंने नया लुक देने के लिए ऑफिस में काले, सफेद और ग्रे रंग का इस्तेमाल किया, जो बेहद शानदार है। उन्होंने मन्नत के कुछ हिस्सों को भी बदल दिया, जिसका उन्होंने वीडियो साझा कर झलक दिखाई थी।

#4

अपने शो में की कैटरीना के घर की छत डिजाइन

गौरी अपने शो 'ड्रीम होम विद गौरी खान' के जरिए भी कई सितारों के घर को डिजाइन करने का जिम्मा उठाती हैं। उन्होंने कैटरीना कैफ के घर की छत डिजाइन की थी, जिसे देख अभिनेत्री काफी खुश हो गई थीं। छत पर बेज रंग का बड़ा सा सोफा रखा गया था तो मेज के आसपास लाइट और पौधे लगाए गए थे। गौरी फराह खान, मलाइका अरोड़ा, मनीष मल्होत्रा ​​और कबीर खान के घर के कुछ हिस्से भी सजा चुकी हैं।

#5

इनके घर को भी दिया नया रूप

गौरी जिस भी सितारे के घर को डिजाइन करती हैं, उसकी तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर भी साझा करती हैं। गौरी ने मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के घर एंटीलिया के बार को भी डिजाइन किया है। नीता के साथ तस्वीर साझा करते हुए गौरी ने इस प्रोजेक्ट को अपने लिए बहुत खास बताया था। इसके अलावा आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, सिद्धार्थ मल्होत्रा और माधुरी दीक्षित सहित कई सितारों के घर को भी गौरी ने डिजाइन किया है।

जानकारी

'द आर्चीज' में नजर आएंगी गौरी-शाहरुख की बेटी सुहाना

गौरी और शाहरुख ने 1991 में शादी की थी। दोनों के 2 बेटे, आर्यन खान और अबराम खान हैं और 1 बेटी सुहाना खान हैं। आर्यन वेब सीरीज 'स्टारडम' से बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं तो सुहाना फिल्म 'द आर्चीज' में दिखेंगी।