Page Loader
अल्लू अर्जुन के खिलाफ दर्ज हुआ मामला, जानिए किस आरोप में फंसे अभिनेता
अल्लू अर्जुन के खिलाफ क्यों दर्ज हुई FIR? (तस्वीर: एक्स/@alluarjun.fc)

अल्लू अर्जुन के खिलाफ दर्ज हुआ मामला, जानिए किस आरोप में फंसे अभिनेता

लेखन पलक
May 12, 2024
12:20 pm

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार कहे जाने वाले अभिनेता अल्लू अर्जुन पिछले काफी समय से अपनी आगामी फिल्म 'पुष्पा: द रूल' के चलते सुर्खियों में हैं। फिल्म की रिलीज तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, दर्शकों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। हालांकि, इस बीच अब एक ऐसी खबर आ रही है, जिसे सुनकर अल्लू के प्रशंसक निराश हो जाएंगे। दरअसल, अल्लू कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। चलिए जानते हैं पूरा मामला।

खबर

अल्लू ने किया आचार संहिता का उल्लंघन

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अल्लू के खिलाफ आंध्र प्रदेश के नंदयाला में आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उनके साथ ही युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के विधायक रवि चंद्र किशोर रेड्डी के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है। अभिनेता पर विधायक के आवास पर भारी संख्या में पहुंचे लोगों को जमा करने का आरोप लगाया गया है, जिससे आंध्र प्रदेश चुनाव से पहले आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ।

अनुमति

बिना अनुमति रखी गई सभा

अल्लू शनिवार को अपने दोस्त और YSRCP विधायक के घर गए थे। उनकी एक झलक पाने के लिए घर के बाहर भारी संख्या में प्रशंसक इकट्ठा हो गए। दावा किया जा रहा है कि प्रदेश में धारा 144 लागू है, इसके बावजूद विधायक रेड्डी ने कथित तौर पर शनिवार को सभा के लिए बिना अनुमति लिए अभिनेता को आमंत्रित किया था। इसी वजह से दोनों के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन करने के लिए FIR दर्ज की गई।

बयान

किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थन नहीं करते अल्लू

अल्लू ने साफ किया था कि वह अपने दोस्त की मदद करने के लिए नंदयाला गए थे और वह किसी भी राजनीतिक पार्टी का समर्थन नहीं करते हैं। वह बोले, "मैं यहां अपनी मर्जी से आया हूं। मेरे दोस्तों में से, चाहे वे किसी भी क्षेत्र में हों, अगर उन्हें मेरी मदद की जरूरत होगी तो मैं आगे आकर उनकी मदद करूंगा। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थक हूं या समर्थन कर रहा हूं।"

फिल्में

15 अगस्त को रिलीज होगी अल्लू की 'पुष्पा 2'

अर्जुन जल्द ही फिल्म 'पुष्पा 2' में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनकी जोड़ी एक बार फिर रश्मिका मंदाना के साथ बनी है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की शूटिंग जून 2024 में खत्म हो जाएगी। 'पुष्पा 2' के 15 अगस्त, 2024 को रिलीज होने की उम्मीद है। इसमें संजय दत्त के जुड़ने की भी खबरें हैं। कथित तौर पर, संजय फिल्म में डॉन की भूमिका निभा सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि जाह्नवी कपूर भी इसमें दिखेंगी।