सोनाक्षी-जहीर की 'तू है मेरी किरण' को रिलीज से पहले झटका, कोर्ट ने दिया ये आदेश
क्या है खबर?
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म 'तू है मेरी किरण' 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। लाइव लॉ बिज के मुताबिक, बॉम्बे हाई कोर्ट ने फिल्म के निर्माताओं को एक बड़ा झटका देते हुए इसकी रिलीज पर जरूरी शर्त लगा दी है। 19 अक्टूबर को कोर्ट ने निर्माताओं को निर्देश दिया कि सिनेमाघरों या OTT प्लेटफॉर्म पर फिल्म को रिलीज करने से पहले 8.85 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम अदालत में जमा कराएं।
कारण
'तू है मेरी किरण' की रिलीज में बड़ी चुनौती
रिपोर्ट के अनुसार, 'तू है मेरी किरण' के निर्माता 'एशेलॉन प्रोडक्शंस' को रिलीज से पहले 8.85 करोड़ (15 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ) जमा करने का आदेश एक वित्तीय और संविदात्मक विवाद के चलते दिया गया है।
दरअसल, फिल्म की सह-निर्माता कंपनी 'एंड मूवी प्रोडक्ट्स LLP' ने कोर्ट में याचिका दायर की थी।
उनका आरोप था कि उन्होंने फिल्म में 8.85 करोड़ रुपये का भारी निवेश किया, लेकिन मुख्य निर्माताओं ने उनके वित्तीय हितों और संविदात्मक अधिकारों की अनदेखी की।
उल्लंघन
आपसी समझौते का उल्लंघन करने का आरोप
याचिकाकर्ता का दावा था कि निर्माता उनकी सहमति के बिना फिल्म के अधिकार बेचने और इसे रिलीज करने की तैयारी कर रहे थे, जो कि आपसी समझौते का उल्लंघन है।
सुनवाई के दौरान, जस्टिस अमित बोरकर की एकल-न्यायाधीश पीठ ने माना कि फिल्म की रिलीज रोकना सही नहीं है, लेकिन सह-निर्माता के पैसों को सुरक्षित रखना जरूरी है।
कोर्ट ने फिल्म की रिलीज से पहले 8.85 करोड़ सुरक्षा के तौर पर अदालत में जमा करने का निर्देश दिया है।