
'सावरिया' से 'दिलवाले' तक, फ्लॉप होने के बाद भी इन फिल्मों के गानों ने मचाया धमाल
क्या है खबर?
हर साल कई फिल्में रिलीज होती हैं। फिल्मों की कहानी से लेकर उसके गानों तक लोगों को खूब भाते हैं।
जहां कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करती हैं, वहीं कुछ ऐसी होती हैं जो दर्शकों का प्यार पाने में विफल रहती हैं। हालांकि, इनके गाने लोगों की जिंदगी में रस घोल देते हैं।
आज हम आपको ऐसी ही फिल्मों के बारे में बताएंगे जो फ्लॉप रही, लेकिन उनके गाने लोगों की प्लेलिस्ट में आज भी शामिल हैं।
#1 और #2
'अंजाना अंजानी' और 'कलंक'
रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा साल 2010 में एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने आए थे। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित यह फिल्म टिकट खिड़की पर फेल रही, लेकिन इसके गानों का जादू सुनने वालों पर खूब चला था।
2019 में आई करण जौहर की मल्टी स्टारर फिल्म 'कलंक' का हाल भी बेहाल रहा था। बेहद हाई बजट में बनी यह फिल्म बुरी तरह से पिटी थी।हालांकि, इसके गाने 'घर मोर परदेसिया' और 'कलंक' खूब प्रसिद्ध रहे थे।
#3 और #4
'जाने-ए-मन' और 'सनम रे'
प्रीति जिंटा और सलमान खान की जबरदस्त केमिस्ट्री वाली फिल्म 'जान-ए-मन' साल 2003 में टिकट खिड़की पर पहुंची थी। फिल्म दर्शकों को थिएटर तक खींचने में विफल रही, लेकिन इसकी म्यूजिक एल्बम ने सभी के दिलों में खास जगह बनाई थी।
साल 2016 में आई फिल्म 'सनम रे' के गानों ने लोगों के प्यार में नए रंग भरने का काम किया था। फिल्म में पुलकित सम्राट, यामी गौतम और उर्वशी रौतेला मुख्य भूमिकाओं में थे।
#5 और #6
'तमाशा' और 'रॉय'
रणबीर और दीपिका पादुकोण अभिनीत और इम्तियाज अली निर्देशित फिल्म 'तमाशा' बेशक बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही हो, लेकिन इसके गाने 'अगर तुम साथ हो' और 'मटरगश्ती' हिट रहे थे। इन गानों को संगीतप्रेमी आज भी सुनते हैं।
रणबीर और जैकलीन फर्नांडिस स्टारर 'रॉय' के 'सूरज डूबा है यारो', 'चिट्टियां कलाइयां' और 'तू है की नहीं' जैसे हिट गाने सुनने वालों को काफी पसंद आए थे। हालांकि, फिल्म बुरी तरह से फ्लॉप रही थी।
#7 और #8
'सावरिया' और 'दिलवाले'
रणबीर और सोनम कपूर की पहली फिल्म 'सावरिया' का निर्देशन बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक संजय लीला भंसाली ने किया था। इसके बावजूद भी फिल्म फ्लॉप रही, लेकिन इसके गाने 'जब से तेरे नैना', 'यूं शबनमी' और इसका टाइटल ट्रैक बहुत हिट रहे थे।
शाहरुख खान और काजोल की हिट जोड़ी को सालों बाद पर्दे पर लाने वाली फिल्म 'दिलवाले' से लोगों को बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन यह फिल्म फ्लॉप रही। हालांकि, इसके गाने लोगों की जुबान पर चढ़ गए थे।