
करिश्मा कपूर के करियर को इस फिल्म से मिली उड़ान, बॉक्स ऑफिस पर मचाया था धमाल
क्या है खबर?
करिश्मा कपूर 25 जून को 51 साल की हो गई हैं। उनकी गिनती बॉलीवुड की बेहतरीन अभिनेत्रियों में होती है। वह 90 के दशक की सबसे ज्यादा फीस चार्ज करने वाली अभिनेत्री रही हैं। भले ही अब करिश्मा बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन एक समय था जब उनकी मौजूदगी से ही फिल्में सुपरहिट हो जाती थीं। आइए करिश्मा की उस फिल्म के बारे में जानें, जिससे उनके के करियर को उड़ान मिली थी।
सुपरहिट फिल्म
'राजा हिंदुस्तानी' है करिश्मा की पहली सुपरहिट फिल्म
करिश्मा ने अपने करियर की शुरुआत साल 1992 में आई फिल्म 'प्रेम कैदी' से की थी। इसके बाद वह 'पुलिस अफसर', 'सपने साजन के', 'दीदार', 'जिगर' और 'अनाड़ी' जैसी फिल्मों में नजर आईं। 'राजा बाबू', 'कुली नंबर 1' और 'सुहाग' जैसी फिल्मों में काम करने के बाद उनके करियर ने रफ्तार पकड़ी, लेकिन 'राजा हिंदुस्तानी' से करिश्मा की लोकप्रिया में काफी इजाफा हुआ। यह फिल्म 15 नंबर, 1996 को रिलीज हुई थी और ये करिश्मा की पहली सुपरहिट फिल्म है।
राजा हिंदुस्तानी
बॉक्स ऑफिस पर कमाए थे 76.38 करोड़ रुपये
'राजा हिंदुस्तानी' का निर्देशन धर्मेश दर्शन ने किया था। फिल्म में करिश्मा की जोड़ी अभिनेता आमिर खान के साथ बनी थी। दोनों की केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 76.38 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि फिल्म का बजट केवल 6 करोड़ रुपये था। 'राजा हिंदुस्तानी' OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो और जियो हॉटस्टार पर उपल्बध है। इस फिल्म को आप यूट्यूब पर मुफ्त में देख सकते हैं।