हंसल मेहता की सीरीज से धमाकेदार वापसी करेंगी बिपाशा बसु, ये सितारे भी होंगे साथ
क्या है खबर?
हंसल मेहता अपनी नई वेब सीरीज के जरिए अभिनेत्री बिपाशा बसु को पर्दे पर वापस लेकर आ रहे हैं। यह अमेजन प्राइम वीडियो की ओरिजनल सीरीज होगी, जिसका शीर्षक तय होना बाकी है। कश्यप कपूर और राघव राज कक्कड़ ने मिलकर कहानी लिखी है। इसका निर्माण प्रभलीन संधू ने ऑलमाइटी मोशन पिक्चर्स प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है। सीरीज में बिपाशा के अलावा, सनी कौशल और विशाल जेठवा भी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे।
शूटिंग
सीरीज की शूटिंग शुरू
ऑलमाइटी मोशन पिक्चर्स प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस सीरीज का ऐलान किया है।
उन्होंने कलाकारों और क्रू के साथ की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'बहुत खुशी और कृतज्ञता से भरे दिल के साथ, हम यह साझा करते हुए खुश हैं कि हमने एक और खूबसूरत सिनेमाई सफर की शूटिंग शुरू कर दी है, जिसकी कहानी वाकई खास है और हमारे दिलों के बेहद करीब है।'
उन्हाेंने बताया कि कहानी का नाम अभी तय नहीं हुआ।
सीरीज
पुलिस की वर्दी में दिखेंगे सनी
यह सीरीज व्यक्तिगत ईमानदारी और संस्थागत दबाव के बीच संघर्ष पर आधारित एक कहानी होने का संकेत देती है।
इसमें सनी एक ईमानदार पुलिस अधिकारी का किरदार निभाते दिखेंगे, जो अपराध, भ्रष्टाचार और चुनौतीपूर्ण स्थिति में भी अपने सिद्धांतों को बनाए रखने के संघर्ष करता है।
बिपाशा और विशाल के किरदारों को लेकर फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
फिलहाल, सीरीज की शूटिंग शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में अन्य अपडेट आने की उम्मीद है।