दीपेश भान के लिए पैसे जुटा रहे हैं 'भाभी जी...' के साथी, हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी
क्या है खबर?
'भाभी जी घर पर हैं' के लोकप्रिय कलाकार दीपेश भान का बीती जुलाई निधन हो गया था। वह इस शो में मलखान सिंह का किरदार निभाते थे।
दीपेश के अचानक चले जाने से उनके साथी और परिवार टूट गए हैं। दीपेश के परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए शो के साथी उनके लिए पैसे जुटा रहे थे।
अब आसिफ शेख और रोहिताश ने इस संबंध में लोगों को धोखाधड़ी की सूचना दी है।
जालसाजी
फर्जी लिंक से सावधान रहने के लिए किया आगाह
'भाभी जी...' के साथी दीपेश के परिवार की मदद के लिए एक फंड रेजर वेबसाइट के माध्यम से पैसे जुटा रहे थे।
इसके लिए उन्होंने एक लिंक क्रिएट किया था, लेकिन कुछ जालसाज लोगों ने उस लिंक से मिलता-जुलता दूसरा लिंक बनाकर शेयर कर दिया। आसिफ और रोहिताश ने इंस्टाग्राम पर इस धोखाधड़ी की सूचना दी है।
आसिफ ने अपने कैप्शन में सही लिंक शेयर किया और लोगों को फर्जी लिंक से सावधान रहने के लिए आगाह किया।
शुरुआत
सौम्या टंडन ने शुरू किया था अभियान
इससे पहले शो की अभिनेत्री चारु मलिक भी फेक अकाउंट्स के बारे में आगाह कर चुकी हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले शो की पूर्व अभिनेत्री सौम्या टंडन ने पैसे जुटाने का यह अभियान शुरू किया था।
सौम्या ने कहा था कि दीपेश अकसर अपने घर के बारे में बात करते थे जिसके लिए उन्होंने होम लोन लिया था। दीपेश ने हमें जो मुस्कुराहटें दी हैं वह इस लोन को चुकाकर हम उनके परिवार को वापस कर सकते हैं।
दीपेश भान
ब्रेन हैमरेज से हुई थी दीपेश की मौत
'भाभी जी घर पर हैं' में मलखान सिंह का किरदार निभाकर लोगों को हंसाने वाले अभिनेता दीपेश भान का 23 जुलाई को निधन हो गया था।
उनके असामयिक मौत से टीवी इंडस्ट्री के उनके साथी और परिवार स्तब्ध थे। वहीं प्रशंसक इस बात पर भरोसा नहीं कर पा रहे थे।
दीपेश की मौत ब्रेन हैमरेज से होने की बात सामने आई थी। वह क्रिकेट खेलते समय अचानक गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।
यादें
अपने सपनों को अधूरा छोड़ गए दीपेश
दीपेश अपने पीछे अपनी पत्नी और 18 महीने का बच्चा छोड़ गए हैं। उनका परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था।
दीपेश के करीबी दोस्त ज़ैन खान ने बताया था कि वे क्रिकेट खेलते वक्त उनके पास आए और जमीन पर पड़ी टोपी उठाने के लिए झुके। उसी वक्त वह गिर पड़े और बेहोश हो गए।
ज़ैन इस बात से दुखी थे कि दीपेश अपने बेटे को सिंगर बनाना चाहते थे और अब सबकुछ सपना ही रह गया।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
दीपेश लोकप्रिय शो 'FIR' में भी अपनी कॉमेडी से लोगों को दिल जीत चुके हैं। वह हॉटस्टार के शो 'मे आई कम इन मैडम?' में भी काम कर चुके हैं। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में दीपेश वकील प्यारे मोहन के किरदार में दिखे थे।