Page Loader
भारतीय इतिहास को दर्शाती हैं बॉलीवुड की ये फिल्में, IMDb पर भी मिली शानदार रेटिंग 
बॉलीवुड की शानदार ऐतिहासिक फिल्में

भारतीय इतिहास को दर्शाती हैं बॉलीवुड की ये फिल्में, IMDb पर भी मिली शानदार रेटिंग 

लेखन मेघा
Nov 26, 2023
02:57 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड में हर साल सैकड़ों फिल्में बनती हैं, जो लोगों का मनोरंजन करती हैं। कोई फिल्मों में भरपूर एक्शन देखना चाहता है तो किसी को प्यार-मोहब्बत वाली फिल्में पसंद आती हैं। अगर आप अब कुछ अलग देखना चाहते हैं और फिल्मों के जरिए इतिहास के बारे में जानने की दिलचस्पी रखते हैं तो हमने एक सूची तैयार की है। इस सूची में बॉलीवुड की शानदार ऐतिहासिक फिल्में हैं, जो आपको जरूर पसंद आएंगी। आइए इन पर एक नजर डालते हैं।

#1

'जोधा अकबर'

आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'जोधा अकबर' बेहतरीन भारतीय ऐतिहासिक फिल्मों में से एक है, जो मुगल सम्राट अकबर और उनकी पत्नी जोधा बाई के जीवन से प्रेरित है। ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय अभिनीत यह फिल्म दर्शकों का दिल जीतने में सफल रही थी। फिल्म में दोनों की जोड़ी शानदार लगी तो उनकी अदाकारी भी उम्दा थी। फिल्म के संगीत और सितारों की पोशाक की भी तारीफ हुई थी। नेटफ्लिक्स पर मौजूद फिल्म को IMDb पर 7.5 रेटिंग मिली है।

#2

'तानाजी'

'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' छत्रपति शिवाजी महाराज के दाहिना हाथ माने जाने वाले तानाजी मालुसरे की कहानी है। इसमें तानाजी और मराठा योद्धाओं के शिवाजी महाराज के लिए औरंगजेब और उसके भरोसेमंद उदयभान सिंह राठौड़ के खिलाफ लड़ी गई लड़ाई को दिखाया गया है। 2020 में आई इस फिल्म में अजय देवगन, काजोल और सैफ अली खान शामिल हैं, वहीं ओम राउत ने इसका निर्देशन किया है। IMDb पर 7.5 रेटिंग वाली यह फिल्म डिज्नी हॉटस्टार पर मौजूद है।

#3

'द गाजी अटैक'

फिल्म 'द गाजी अटैक' में 1971 में विशाखापट्टनम तट पर भारत के INS विक्रांत और पाकिस्तान की पनडुब्बी PNS गाजी के बीच हुई पानी के अंदर की जंग दिखाई गई है। फिल्म में केके मेनन, राणा दग्गुबाती, तापसी पन्नू और अतुल कुलकर्णी जैसे शानदार कलाकार शामिल थे तो इसके निर्देशन की कमान संकल्प रेड्डी के पास थी। 2017 में आई इस फिल्म को IMDb पर 7.5 रेटिंग मिली और यह भी अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#4

'पद्मावत'

संजय लीला भंसाली की 2018 में आई फिल्म पद्मावत में रणवीर सिंह, शाहिद कपूर और दीपिका पादुकोण शामिल थे। फिल्म मलिक मुहम्मद जायसी की 1540 की कविता से प्रेरित है, जिसे भंसाली ने भव्य तरीके से पर्दे पर दर्शाया। फिल्म में दिखाया है कि रानी पद्मावती को पाने के लिए एक क्रूर सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी उनके राज्य पर युद्ध की घोषणा करता है। फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है और IMDb पर 7 रेटिंग मिली है।

#5

'केसरी'

अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'केसरी' 2019 में आई थी, जो 1897 की सारागढ़ी की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित थी। यह फिल्म 21 सिखों की वीरता का वर्णन करती है, जिन्होंने 10 हजार अफगानों का बहादुरी से सामना किया और जीत हासिल की। फिल्म को सितारों के अभिनय और कहानी को शानदार ढंग से पेश करने के लिए काफी प्रशंसा मिली थी। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है और इसे IMDb पर 7.4 रेटिंग मिली है।