'आर्टिकल 370' की कमाई में गिरावट जारी, अब इन फिल्मों से टकराएगी यामी गौतम की फिल्म
क्या है खबर?
यामी गौतम, प्रियामणि, अरुण गोविल और किरण करमरकर जैसे दिग्गज सितारों से फिल्म 'आर्टिकल 370' को सिनेमाघरों में रिलीज हुए एक हफ्ते का वक्त बीत चुका है।
यह फिल्म जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के दौरान आईं चुनौतियों से रूबरू कराती है।
हालांकि, पिछले कुछ दिनों से फिल्म की दैनिक कमाई में लगातार गिरावट जारी है।
अब 'आर्टिकल 370' की कमाई के 7वें दिन के आंकड़े सामने आ चुके हैं, जो अब तक का सबसे कम कारोबार है।
बॉक्स ऑफिस
'आर्टिकल 370' ने 7वें दिन कमाए इतने करोड़ रुपये
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, 'आर्टिकल 370' ने रिलीज के 7वें दिन यानी पहले गुरुवार को 2.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 35.45 करोड़ रुपये हो गया है।
दुनियाभर में भी 'आर्टिकल 370' को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। इस फिल्म ने 48.91 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है।
'आर्टिकल 370' के निर्देशन की कमान आदित्य सुहास जंभाले ने संभाली है।
आर्टिकल 370
सिनेमाघरों में लगी हुई हैं ये फिल्में
बॉक्स ऑफिस पर 'आर्टिकल 370' का सामना विद्युत जामवाल की 'क्रैक', ऋतिक रोशन की 'फाइटर' और शाहिद कपूर-कृति सैनन की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' से हो रहा है।
इनके अलावा आमिर खान और किरण राव की फिल्म 'लापता लेडीज' भी 1 मार्च को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटा चुकी है।
इस फिल्म सीधा सामना दिवगंत अभिनेता सतीश कौशिक की फिल्म 'कागज 2' से हो रहा है। इसमें दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर भी मुख्य भूमिका में हैं।