Page Loader
सपना चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, पैसे लेकर परफॉर्म नहीं करने का आरोप
सपना चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी (फोटो: इंस्टाग्राम/@itssapnachoudhary)

सपना चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, पैसे लेकर परफॉर्म नहीं करने का आरोप

Aug 23, 2022
11:11 am

क्या है खबर?

हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी की फैन फॉलोइंग पूरे देश में है। अब उनके खिलाफ लखनऊ की ACJM कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। उन पर एक इवेंट में पैसे लेकर परफॉर्म नहीं करने का आरोप लगा था। इससे पहले इसी मामले में सपना के खिलाफ पिछले साल 18 नवंबर को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। उन्हें मामले में अंतरिम जमानत मिली हुई थी। अब कोर्ट के नए आदेश के बाद उनकी मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं।

मामला

सपना पर लगा था डांस प्रोग्राम को रद्द करने का आरोप

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपना ने 2018 में एक इवेंट में परफॉर्म नहीं किया था, जिसके लिए उन्हें आयोजकों ने एडवांस में पैसे दिए थे। यह घटना 13 अक्टूबर, 2018 की है, जब उन्हें देखने के लिए लखनऊ में हजारों की भीड़ उमड़ी थी। कार्यक्रम के टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से बेचे गए थे। शिकायत में बताया गया था कि दर्शकों ने 300-300 रुपये देकर शो के टिकट खरीदे थे। अचानक सपना ने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया था।

टिप्पणी

सपना चौधरी को गिरफ्तार कर पेश करो- कोर्ट

हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने सपना के गैरहाजिर रहने पर यह वारंट जारी किया है। कोर्ट की सुनवाई के दौरान वह अदालत में मौजूद नहीं थीं। खबरों की मानें तो सपना की तरफ से हाजिरी माफी की अर्जी भी नहीं दी गई थी। इन सभी बातों के मद्देनजर कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, "सपना चौधरी को गिरफ्तार कर पेश करो।" अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 अगस्त को होगी।

FIR

सपना के खिलाफ इन धाराओं के तहत दर्ज की गई थी FIR

सपना ने अपने खिलाफ FIR को रद्द कराने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया था। उन पर 14 अक्टूबर, 2018 को लखनऊ के आशियाना थाने में FIR दर्ज की गई थी। कार्यक्रम के ऑर्गेनाइजर जुनैद अहमद, नवीन शर्मा, इवाद अली, अमित पांडे और रत्नाकर उपाध्याय को नामजद किया गया था। 20 जनवरी, 2019 को IPC की धारा 406 और 420 के तहत आरोप पत्र दायर किया गया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

यह पहला मामला नहीं है, जिसमें सपना पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। फरवरी 2021 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। एक सेलिब्रिटी मैनेजमेंट कंपनी ने उन पर एग्रीमेंट तोड़ने का आरोप मढ़ा था।

करियर

ऐसा रहा है सपना का करियर

सपना बड़े-बड़े कार्यक्रमों में मंच पर अपने प्रदर्शन के लिए लोकप्रिय हैं। वह कुछ समय पहले रवि किशन और मनोज तिवारी के साथ एंड टीवी के एक क्राइम शो 'मौका-ए-वारदात' को होस्ट करती हुई नजर आई थीं। सपना 'बिग बॉस 11' में भी नजर आई थीं। उन्होंने हरियाणवी इंडस्ट्री के साथ, भोजपुरी, पंजाबी व बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी काम किया है। उन्होंने फिल्म 'दोस्ती के साइड इफेक्ट्स' से बॉलीवुड में कदम रखा था।