Loading...
बुसान फिल्म फेस्टिवल में तमिल फिल्म 'सेल्वी' का डंका, दो-दो पुरस्कार जीतकर बढ़ाया भारत का मान
बुसान के मंच पर चमकी तमिल फिल्म 'सेल्वी'

बुसान फिल्म फेस्टिवल में तमिल फिल्म 'सेल्वी' का डंका, दो-दो पुरस्कार जीतकर बढ़ाया भारत का मान

Oct 16, 2026
11:17 am

क्या है खबर?

31वें बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में तमिल फिल्म 'सेल्वी' ने 2 बड़े पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अंजलि पाटिल अभिनीत इस फिल्म ने 'ताइपे फिल्म कमीशन अवॉर्ड' और 'हायलाइफ विजन अवॉर्ड' जीते हैं। 9 अक्टूबर को वर्ल्ड प्रीमियर के बाद से ही फिल्म को वैश्विक स्तर पर सराहा जा रहा है। बुसान के इस प्रतिष्ठित मंच पर मिली ये दोहरी जीत न सिर्फ तमिल सिनेमा, बल्कि पूरे भारतीय फिल्म जगत के लिए गर्व का पल है।

बड़ी जीत

जीते 2 बड़े पुरस्कार और 14 लाख का इनाम

बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के 'विजन' सेक्शन में तमिल फिल्म 'सेल्वी' ने ये दोहरी जीत हासिल की है, जो पूरे एशिया की बेहतरीन फिल्मों को प्रदर्शित करता है।

निर्देशक शैलेश रत्नकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दोनों पुरस्कारों के साथ कुल 14 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी मिली है। पिछले हफ्ते वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान हाउसफुल रहने के बाद फिल्म के बाकी सभी शोज के टिकट भी धड़ाधड़ बिक गए थे।

खुशी

बुसान में 'सेल्वी' की जीत पर गदगद हुईं अंजलि पाटिल

फिल्म की दोहरी जीत पर खुशी जताते हुए अभिनेत्री-निर्माता अंजलि पाटिल ने कहा, "निर्देशक शैलेश ने इस कहानी के लिए खून-पसीना बहाया है और वो ही इन पुरस्कारों के असली हकदार हैं। ताइपे फिल्म कमीशन ने भी उनकी पहली ही फिल्म में कमाल की परिपक्वता और स्टाइल की जमकर तारीफ की। कोरियाई दर्शकों और सिनेमा प्रेमियों से मिला ये प्यार और सम्मान हमें आगे भी पूरी ईमानदारी और जुनून के साथ बेहतरीन फिल्में बनाते रहने की ताकत देता है।"

ADVERTISEMENT