अनिल कपूर ने खोला राज, बताया कहां से खरीदी गई थी 'मिस्टर इंडिया' की जादुई जैकेट
क्या है खबर?
बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता अनिल कपूर एक नए शो के साथ धमाल मचाने को तैयार हैं। उनका गेम शो 'इंडिया के टॉप 1%' स्टार प्लस और जिओ हॉटस्टार पर 19 सितंबर को रिलीज होने वाला है। इस शो के सेट पर अभिनेता ने एक चौकाने वाला खुलासा किया है। अनिल ने बताया कि 'मिस्टर इंडिया' में उन्होंने जो जैकेट पहनी थी, उसे किसी डिजाइनर स्टोर के बजाय मुंबई के एक चोर बाजार से खरीदा गया था।
खुलासा
39 साल बाद दोबारा इस जैकेट में नजर आएंगे अनिल
साल 1987 में रिलीज हुई इस सुपरहिट फिल्म में अनिल के जैकेट वाले लुक की आज तक चर्चा होती है। अब वह अपने शो के दौरान इसे एक बार फिर 39 साल बाद पहनने वाले हैं।
अनिल ने बताया, "मैं कहूंगा कि शर्ट, ट्राउजर और जैकेट, सब कुछ मुझे अभी भी फिट आता है। टीम ने कहा कि काश हमें 'मिस्टर इंडिया' वाला कॉस्ट्यूम मिल पाता तो मैंने कहा कि मैंने उसे संभालकर रखा है।"
एपिसोड
खास एपिसोड में धारण करेंगे 'मिस्टर इंडिया' का रूप
एपिसोड के पीछे की सोच के बारे में अनिल ने कहा, "हम जो एपिसोड कर रहे हैं, वो सामाजिक रूप से अहम है। यही इसकी थीम थी और फिल्म देखने के बाद राज कपूर साहब ने भी यही कहा था। फिल्म से क्या सीख मिली? सीख यह है कि हर कोई 'मिस्टर इंडिया' बन सकता है। यह एपिसोड उन लोगों के बारे में है, जो देश की सेवा करते हैं। वे बिना उम्मीद के देश के लिए काम करते हैं।"