Page Loader
20 मई को रिलीज होगी अजेमन प्राइम की सीरीज 'पंचायत 2'
20 मई को रिलीज होगी सीरीज 'पंचायत 2'

20 मई को रिलीज होगी अजेमन प्राइम की सीरीज 'पंचायत 2'

May 03, 2022
04:50 pm

क्या है खबर?

अमेजन प्राइम वीडियो की ऑरिजनल सीरीज 'पंचायत' ने 2020 में रिलीज होते ही दर्शकों को अपना मुरीद बना लिया था। ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित इस सीरीज को खूब पसंद किया गया था। फैंस काफी समय से इसके दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे थे। अब आखिरकार मेकर्स ने 'पंचायत 2' की रिलीज डेट घोषित कर दी है। यह सीरीज 20 मई को OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर दस्तक देगी।

ट्विटर पोस्ट

अमेजन प्राइम ने ट्विटर पर दी जानकारी

अमेजन प्राइम ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर 'पंचायत 2' की रिलीज डेट का ऐलान किया है। अमेजन प्राइम ने अपने पोस्ट में लिखा, 'इंतजार हुआ खत्म, क्योंकि पंचायत जल्द होगी शुरू! इसका नया सीजन 20 मई को अमेजन प्राइम पर आएगा।' साथ ही मेकर्स ने एक मजेदार वीडियो क्लिप शेयर करते हुए शो की झलक दिखाई है। इस वीडियो में दिखाया जा रहा है कि गांव की हालत नहीं बदली है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए अमेजन प्राइम का पोस्ट

कलाकार

रघुबीर यादव और नीना गुप्ता जैसे कलाकार बढ़ाएंगे शो की शोभा

यह एक लोकप्रिय कॉमेडी ड्रामा सीरीज है, जिसका निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसके पहले सीजन को भी उन्होंने ही डायरेक्ट किया था। इसमें अभिनेता जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव और नीना गुप्ता जैसे कलाकार भी अपने अभिनय का जौहर दिखाएंगे। बता दें कि ये सभी कलाकार पहले सीजन में भी नजर आए थे। भारत सहित दुनियाभर के 240 देशों में सीरीज के दूसरे सीजन को प्रसारित किया जाएगा।

कहानी

कुछ ऐसी है 'पंचायत' की कहानी

'पंचायत' का पहला सीजन अप्रैल, 2020 में आया था। इसमें कुल आठ एपिसोड थे। अमेजन प्राइम के लिए प्रोडक्शन कंपनी 'द वायरल फीवर' ने इसका निर्माण किया था। इसकी कहानी गांव की जिंदगी और उसकी दुश्वारियों से जुड़ी हुई है। इसकी कहानी एक इंजीनियर अभिषेक त्रिपाठी (जितेंद्र कुमार) के इर्दगिर्द घूमती है, जो बेहतर नौकरी के विकल्पों की कमी के कारण उत्तर प्रदेश के एक सुदूर गांव फुलेरा में पंचायत सचिव के पद पर जॉइन करता है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

'पंचायत 2' में इंजीनियर अभिषेक (जितेंद्र) की आगे की यात्रा को दिखाया जाएगा। सीरीज के पिछले सीजन में नीना को कम स्क्रीन टाइम मिला। कई बार ऐसा लगा जैसे कि जितेंद्र को जरूरत से अधिक स्क्रीन टाइम दिया गया।

वर्कफ्रंट

आखिरी बार इस फिल्म में दिखे थे जितेंद्र कुमार

जितेंद्र कुमार असल जीवन में भी एक इंजीनियर हैं और उन्होंने IIT खड़गपुर से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई की है। इसके बाद उनकी रुचि एक्टिंग के प्रति बढ़ी। जितेंद्र के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आखिरी बार 2020 में रिलीज हुई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और मानवी गागरू जैसे कलाकार नजर आए थे।