अल्लू अर्जुन ने 'पुष्पा 2' की रिलीज से पहले ही किया 'पुष्पा 3' का ऐलान
क्या है खबर?
पैन इंडिया फिल्म 'पुष्पा' ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े थे। अल्लू अर्जुन इस फिल्म के हीरो थे और इस फिल्म ने देशभर में उन्हें मशहूर कर दिया था।
फिल्म की कहानी से लेकर इसके किरदारों और गानों तक ने दर्शकों का दिल जीत लिया था।
अब दर्शकों को 'पुष्पा 2' का इंतजार है, वहीं इस बीच अल्लू ने फिल्म के तीसरे भाग 'पुष्पा 3' का ऐलान भी कर दिया है।
महोत्सव
बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में किया ऐलान
'पुष्पा 2' साल 2024 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है, जो 15 अगस्त, 2024 को सिनेमाघरों में उतरने वाली है। वो बात अलग है कि अभी फिल्म की शूटिंग पूरी नहीं हुई है।
हाल ही में अल्लू बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुए थे, जहां 'पुष्पा' की स्क्रीनिंग हुई थी।
वहां उन्होंने 'पुष्पा' के सीक्वल को लेकर बात की और इस खबर पर अपनी मुहर लगा दी कि फिल्म का तीसरा भाग भी आ सकता है।
घोषणा
"हम इसे फ्रैंचाइजी बनाना चाहते हैं"
अल्लू ने कहा, "आप निश्चित रूप से पुष्पा के तीसरे भाग 'पुष्पा 3' की उम्मीद कर सकते हैं। हम इसे एक फ्रैंचाइजी बनाना चाहते हैं और इसे आगे बढ़ाने के लिए हमारे पास कई बड़ी योजनाएं हैं।"
अभिनेता के इस बयान के बाद प्रशंसक सातवें आसमान पर हैं। फिल्म को लेकर उनका उत्साह और बढ़ गया है।
इससे पहले 'पुष्पा द राइज' में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अभिनेता फहद फासिल ने भी फिल्म के तीसरे भाग की संभावना जताई थी।
अंदाज
'पुष्पा: द रूल' में अलग ही रंग में दिखेंगे अल्लू
'पुष्पा: द रूल' में अल्लू, फहद और रश्मिका मंदाना जैसे कई कलाकार अपने-अपने किरदार में लौट रहे हैं। फिलहाल निर्माता तय समय पर फिल्म की शूटिंग खत्म कर इसे दर्शकों के सामने पेश करने की तैयारी में जुटे हुए हैं।
अल्लू के मुताबिक, 'पुष्पा' में पुष्पा राज का जो रंग दिखा, 'पुष्पा 2' में उसका एक अलग ही रंग देखने को मिलेगा। इसमें दर्शकों को उसके चरित्र का एक बिल्कुल नया आयाम नजर आएगा।
कमाई
300 करोड़ी बनी थी 'पुष्पा'
'पुष्पा' में अल्लू के स्टाइल से लेकर उनके डायलॉग भी लोगों की जुबां पर चढ़ गए थे।
इस फिल्म के जरिए पहली बार अल्लू उर्फ पुष्पा और रश्मिका उर्फ श्रीवल्ली की जोड़ी बनी थी।
फिल्म में अल्लू चंदन तस्कर बने थे। 170 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था। यह फिल्म हिंदी में भी 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हुई थी।
जानकारी
अल्लू को 'पुष्पा' के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
अल्लू को पिछले साल 'पुष्पा' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था। वह ऐसे पहले तेलुगु अभिनेता बने, जिन्हें यह बड़ा सम्मान मिला। इसी फिल्म के लिए संगीत निर्देशक देवी श्री प्रसाद उर्फ डीएसपी ने भी राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किया था।