'दृश्यम 3' के लेखक का खुलासा, फिल्म के 100 से ज्यादा संस्करण लिखे
क्या है खबर?
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' दुनियाभर में 270 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार कर चुकी है। सिर्फ 3 दिनों के अंदर फिल्म को मिली इस सफलता और इसके क्लाइमैक्स के चर्चे हर तरफ हैं। इस बीच, फिल्म के पटकथा लेखक आमिल कीयन खान ने 'दृश्यम 3' पर अपने काम करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के 100 से ज्यादा संस्करण उनके द्वारा लिखे थे, जिनकी गिनती उन्हें याद भी नहीं।
खुलासा
अलग-अलग रूपों में 100 से ज्यादा ड्राफ्ट मौजूद
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक खान ने कहा, "मेरे पास फोल्डरों के अंदर फोल्डर हैं, तारीखों, संख्याओं, संख्याओं के बाद तारीखों वाले ड्राफ्ट हैं, और फाइलें हैं जिनके नाम 'फाइनल', 'फाइनल 2', 'फाइनल फाइनल' और शायद 'फाइनल प्लीज गॉड' जैसे हैं। मैंने गिनती याद नहीं, लेकिन अलग-अलग रूपों में 100 से ज्यादा ड्राफ्ट हैं।"
उन्होंने कहा, "क्लाइमेक्स के बारे में क्रू के एक बड़े हिस्से को नहीं बताया गया था। लोगों को जरूरत के हिसाब से ही जानकारी दी गई।"
वफादारी
"क्लाइमेक्स के लिए रिश्वत देने की कोशिश हुई"
खान ने आगे कहा, "कभी-कभी विभाग को सिर्फ इतना पता होता था कि किसी दृश्य को फिल्माने के लिए क्या चाहिए, यह जरूरी नहीं कि उन्हें यह पता हो कि वे उसे क्यों फिल्मा रहे हैं। फिल्म के कई अभिनेताओं और क्रू सदस्यों के साथ-साथ मेरे दोस्तों और रिश्तेदारों ने भी मुझे क्लाइमेक्स के लिए रिश्वत देने की कोशिश की। लेकिन 'गायतोंडे' की तरह, मैं भी निर्माताओं के प्रति ईमानदार और वफादार रहा।"
चुनौती
"दर्शकों को फिल्म से बांधे रखना बड़ी चुनौती का काम"
उन्होंने कहा, "यह एक बहुत बड़ी चुनौती थी। आपके पास एक लोकप्रिय फ्रेंचाइजी है, एक ऐसा परिवार है जिसके साथ दर्शक वर्षों से जुड़े हुए हैं, और दो बेहद पसंद की गई फिल्मों की विरासत आपके कंधों पर है। और सबसे महत्वपूर्ण बात, आप तीसरी बार दर्शकों को कैसे आश्चर्यचकित कर सकते हैं?"
बता दें, अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित 'दृश्यम 3' का निर्माण पैनोरमा स्टूडियाे ने किया है। इसमें तब्बू, जयदीप अहलावत, श्रिया सरन और प्रकाश झा भी हैं।