'आदिपुरुष' से 'सालार' तक, इन फिल्मों में नजर आएंगे अभिनेता प्रभास
क्या है खबर?
दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर अभिनेता प्रभास के चाहने वाले देशभर में मौजूद हैं। उनका जन्म 23 अक्टूबर, 1979 को चेन्नई में हुआ था।
आज (23 अक्टूबर) वह उम्र के 43वें पड़ाव पर पहुंच गए हैं। फैंस उन्हें जन्मदिन की बधाइयां भी दे रहे हैं।
प्रभास की कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं।
आइए उन फिल्मों पर गौर फरमाते हैं, जिसके जरिए वह हिंदी दर्शकों के बीच आने वाले हैं।
#1
आदिपुरुष
'आदिपुरुष' में प्रभास भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। ओम राउत ने इसका निर्देशन किया है।
अयोध्या में एक भव्य कार्यक्रम में इसका टीजर रिलीज हुआ था, जिसके बाद यह फिल्म विवादों में घिर गई थी। टीजर में कलाकारों के लुक को लेकर नाराजगी जाहिर की गई थी।
कृति सैनन फिल्म में प्रभास के अपोजिट माता सीता के किरदार में दिखेंगी। सैफ अली खान रावण का किरदार अदा करेंगे।
फिल्म अगले साल 12 जनवरी को सिनेमाघरों में आएगी।
#2
सालार
'KGF चैप्टर 1' और 'KGF चैप्टर 2' जैसी धमाकेदार फिल्म देने वाले फिल्ममेकर प्रशांत नील 'सालार' का निर्देशन कर रहे हैं। इसमें प्रभास अहम भूमिका में दिखेंगे।
उनकी यह फिल्म अगले साल 28 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी।
इसमें प्रभास के साथ श्रुति हासन नजर आएंगी। फिल्म में प्रभास, श्रुति संग रोमांस करते दिखेंगे। फिल्म हिंदी, तमिल और मलयालम में भी रिलीज होगी।
इसके निर्माण का जिम्मा विजय किरगंदुर ने संभाला है।
#3
प्रोजेक्ट K
प्रभास काफी समय से साउथ निर्देशक नाग अश्विन की अगली फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं।
यह एक साइंस फिक्शन फिल्म है, जिसमें उनके साथ दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और दिशा पाटनी जैसे सितारे नजर आएंगे।
इसका लेखन और निर्देशन नाग ने ही किया है। वैजयंती मूवीज फिल्म का निर्माण कर रही है।
इस तेलुगु फिल्म को ना सिर्फ हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में, बल्कि अंग्रेजी भाषा में भी बनाए जाने की तैयारी है।
#4
स्पिरिट
प्रभास ने पिछले साल ही अपनी 25वीं फिल्म 'स्पिरिट' का ऐलान किया था। 'कबीर सिंह' के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा इस फिल्म के निर्देशक हैं।
इसमें कोई बड़ी अभिनेत्री प्रभास के अपोजिट भूमिका में दिखाई देंगी।
खास बात यह है कि 'स्पिरिट' तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और हिंदी के साथ अंतरराष्ट्रीय भाषाओं जापानी, चीनी और कोरियाई में भी रिलीज की जाएगी।
भूषण कुमार की टी-सीरीज फिल्म का निर्माण कर रही है।
#5
सिद्धार्थ आनंद की फिल्म
प्रभास का नाम फिल्ममेकर सिद्धार्थ आनंद की फिल्म के साथ भी जुड़ा है। अभी इस फिल्म का शीर्षक निर्धारित नहीं किया गया है। इसमें प्रभास की जोड़ी जानी-मानी अभिनेत्री कैटरीना कैफ के साथ बनी है।
यह एक्शन फिल्म हिंदी भाषा में दर्शकों के बीच आएगी। इस फिल्म में प्रभास रॉ एजेंट की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
खबरों की मानें तो इसे बड़े पैमाने पर बड़े बजट में बनाने की योजना है।