Page Loader
सलमान खान को मिली घर में घुसकर जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज 
सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी (तस्वीर: एक्स/@beingsalmankhan)

सलमान खान को मिली घर में घुसकर जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज 

Apr 14, 2025
10:36 am

क्या है खबर?

अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। दरअसल, मुंबई के वर्ली में परिवहन विभाग के व्हाट्सऐप नंबर पर भाईजान के लिए एक धमकी भरा संदेश आया है। इस संदेश में अज्ञात व्यक्ति ने सलमान को घर में घुसकर जान से मारने और उनकी गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दी है। फिलहाल पुलिस ने संदेश भेजने वाले व्यक्ति के खिलाफ वर्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया है।

प्रतिक्रिया

सलमान ने दी थी धमकियों पर प्रतिक्रिया

सलमान की तरफ से अभी तक इस धमकी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है और ना ही इस धमकी की किसी ने जिम्मेदारी ली है। पिछले कई सालों से सलमान पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का खतरा मंडरा रहा है। 'सिकंदर' की रिलीज से पहले सलमान ने धमकियां पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, "भगवान, अल्लाह, सब उन पर है। जितनी उम्र लिखी है, उतनी लिखी है। बस यही है। कभी-कभी इतने लोगों को साथ में लेके चलना पड़ता है।"

धमकियां

लगातार मिल रही हैं सलमान को धमकियां 

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से सलमान को अब तक कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। 2024 में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की गई थी। गोलीबारी के कुछ घंटों बाद बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की जिम्मेदारी ली थी। पिछले दिनों एक शख्स ने धमकी देकर सलमान से 5 करोड़ रुपये मांगे थे। मुंबई पुलिस ने धमकी देने वाले को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है।

विवाद

सलमान और लॉरेंस के बीच विवाद की वजह क्या है? 

साल 1998 में फिल्म 'हम साथ साथ है' की राजस्थान के जोधपुर में शूटिंग के दौरान सलमान ने काले हिरण का शिकार किया था। बिश्नोई समाज ने सलमान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी और जोधपुर कोर्ट ने सलमान को दोषी पाया था। लॉरेंस के समाज में हिरण को भगवान समान मानते हैं। काले हिरण की पूजा होती है। जब सलमान का नाम काले हिरण शिकार मामले में आया तो लॉरेंस ने सलमान को धमकी देनी शुरू कर दी।

सिकंदर

'सिकंदर' को लेकर चर्चा में सलमान

सलमान इन दिनों फिल्म 'सिकंदर' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। उनकी यह फिल्म ईद के मौके पर यानी 30 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म से निर्माताओं के साथ-साथ दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह औंधे मुंह गिरी। फिल्म में सलमान की जोड़ी पहली बार रश्मिका मंदाना के साथ बनी है। फिल्म में प्रतीक बब्बर, काजल अग्रवाल, सत्यराज और शरमन जोशी सहित कई कलाकार सहायक भूमिका में नजर आ रहे हैं।