Page Loader
अभिषेक बच्चन ने की पत्नी ऐश्वर्या की जमकर तारीफ, दिया आराध्या की परवरिश का पूरा श्रेय 
अभिषेक बच्चन ने की ऐश्वर्या और आराध्या राय पर बात

अभिषेक बच्चन ने की पत्नी ऐश्वर्या की जमकर तारीफ, दिया आराध्या की परवरिश का पूरा श्रेय 

लेखन पलक
Feb 05, 2024
06:53 pm

क्या है खबर?

अभिषेक बच्चन पिछले काफी समय से अपने पारिवारिक जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं कि उनके और ऐश्वर्या बच्चन के बीच दूरियां आ गई हैं। इन अफवाहों ने सभी को परेशान कर दिया है। हालांकि, अपने जन्मदिन (5 फरवरी) के मौके पर एक इंटरव्यू में अभिषेक ने ऐश्वर्या के बारे में खुलकर बात की और उनकी तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े। आइए जानते हैं क्या बोले अभिनेता।

जन्मदिन

काम करते हुए जन्मदिन बिताना पसंद करते हैं अभिषेक

अभिषेक ने टाइम्स नाउ से कहा कि अब जन्मदिन उनके लिए रोमांचक नहीं होता, लेकिन उनकी बेटी आराध्या बच्चन के लिए यह बहुत खास होता है। वह बताते हैं, "आराध्या के लिए यह दिन खास होता है, वहीं मुझे अपना जन्मदिन काम करते हुए बिताना पसंद है। जन्मदिन को काम करते हुए बिताने से अच्छा कोई और तरीका नहीं है।" अभिषेक ने कहा कि वह अपना जन्मदिन परिवार के साथ बिताना पसंद करते हैं, अगर ऐसा हो सकता हो।

काम

जन्मदिन पर शुरू से काम करते आ रहे अभिनेता

जब से अभिषेक का करियर शुरू हुआ, वह अपने जन्मदिन पर काम कर रहे हैं। वह बोले, "मैंने 1998 में अपना करियर शुरू किया और तभी से ध्यान रखा है कि मैं इस दिन काम करूं। मुझे याद है कि मैं 23वें जन्मदिन पर जेपी दत्ता साहब के साथ शूटिंग कर रहा था।" अभिनेता ने सिर्फ एक साल अपने जन्मदिन पर काम नहीं किया था और वो तब, जब वह न्यूयॉर्क में 'दिल्ली 6' का प्रचार कर रहे थे।

तारीफ

अभिषेक ने की ऐश्वर्या की तारीफ

आराध्या के बारे में बात करते हुए अभिषेक उनकी पत्नी और उनकी बेटी की मां ऐश्वर्या का जिक्र करना नहीं भूले और उनकी तारीफ की। अभिनेता ने कहा, "हमारी जिंदगी का केंद्र आराध्या है। वह एक शानदार बच्ची है, जिसका सारा श्रेय ऐश्वर्या को जाता है। ऐश्वर्या एक शानदार मां हैं। पिता बनने के बाद मेरा जिंदगी को देखने का नजरिया पूरी तरह से बदल गया है। एक बच्चे को दुनिया में लाने से आपकी सभी प्राथमिकताएं बदल जाती हैं।"

जोड़ी

ऐश्वर्या के साथ दोबारा काम करना चाहते हैं अभिषेक

अभिषेक ने इंटरव्यू में यह भी कहा कि वह ऐश्वर्या के साथ फिर से काम करने के लिए बेकरार हैं। अभिनेता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह बहुत जल्द ही ऐसा कर पाएंगे। अभिषेक बोले, "मुझे उनके साथ काम करने में बहुत मजा आता है। हमारे पास बहुत सारे मेल आते हैं, जिसमें लोग हमसे पर्दे पर फिर से एक साथ काम करने के लिए कहते हैं। हमें एक साथ फिर से काम करके बहुत खुशी होगी।"

जानकारी

2011 में माता-पिता बने थे ऐश्वर्या-अभिषेक

अभिषेक ने अप्रैल, 2007 में ऐश्वर्या से शादी की थी। इससे पहले वे कई फिल्मों में साथ काम कर चुके थे। नवंबर, 2011 में ऐश्वर्या ने बेटी आराध्या को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के बाद ऐश ने फिल्मों में उपस्थिति कम कर दी।

पछतावा

पिता को बताया सबसे बड़ा स्टार

पत्नी की तारीफ करने के साथ अभिषेक ने अपने पिता और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की भी जमकर तारीफ की। अभिषेक ने खुद को अमिताभ का सबसे बड़ा प्रशंसक बताया और कहा कि वह यह कभी नहीं मान सकते कि कोई भी बिग बी से बेहतर हो सकता है। इतना ही नहीं अभिनेता ने यह भी साफ कर दिया कि उन्हें अपनी किसी भी फिल्म का कोई पछतावा नहीं है। अभिषेक बोले कि उन्होंने हमेशा दिल से काम किया।