अभिजीत सावंत ने संघर्ष के दिनों को किया याद, बोले- गाने के 50 रुपये मिलते थे
क्या है खबर?
'मोहब्बतें लुटाऊंगा' और 'मर जावा मिट जावा' जैसे मशहूर गानों को अपनी आवाज देने वाले अभिजीत सावंत लाखों दिलों पर राज करते हैं। 'इंडियन आइडल' शो का पहला सीजन जीतने के बाद वह एक बार फिर 'इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न' में अपने सुरों का जादू बिखेरने वाले हैं। इस बीच अभिजीत ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया और बताया कि वह कैसे छोटे-छोटे पंडालों में 50 रुपये के बदले गाना गाया करते थे।
अभिजीत
कभी-कभी 100 रुपये मिलते थे- अभिजीत
अभिजीत ने कहा, "जब मुझे छोटे-छोटे स्टेज पर गाने का मौका मिलता था, वह दिन मेरे जीवन का सबसे खुशी का दिन हो जाता है। मुझे आज भी याद है कि मैं छोटे-छोटे कार्यक्रमों और पंडालों में गाया करता था। कभी-कभी मुझे 100 रुपये मिल जाते थे तो कभी कोई खुशी-खुशी मेरी जेब में 50 रुपये डाल देता था और कहता था था कि लो बेटा, आज कुछ खा लेना।"
संघर्ष
हमने भगवान को नहीं देखा, लेकिन दर्शकों को देखा है- अभिजीत
अभिजीत ने कहा, "जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं। कई दिन ऐसे भी रहे, जो बहुत अच्छे नहीं थे। जब भी मैं किसी मुश्किल दौर से गुजरता हूं या मेरा दिन खराब जाता है तो मैं उन लोगों के बारे में सोचता हूं, जिन्होंने उस समय मुझे प्यार दिया और ये कहकर उम्मीद जगाई कि मैं अच्छा कर सकता हूं।"
अभिजीत ने दर्शकों को अपनी ताकत बताया और उनकी तुलना भगवान से की, जो उन्हें काम करने की प्रेरणा देते हैं।