
शनाया कपूर की ये फिल्में हैं कतार में, दूसरी वाली में मिला मलयालम सुपरस्टार का साथ
क्या है खबर?
अभिनेता संजय कपूर और उद्यमी महीप कपूर की बेटी शनाया कपूर इन दिनों खूब चर्चा में हैं और हों भी क्यों ना, वह बॉलीवुड में कदम जो रखने वाली हैं। उनकी पहली फिल्म का नाम 'आंखों की गुस्ताखियां' है, जिसके हीरो विक्रांत मैसी हैं। बीते दिन फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसमें विक्रांत और शनाया की बेहतरीन केमिस्ट्री देखने को मिली। लोग शनाया की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। आइए शनाया की आगामी फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।
#1
'आंखों की गुस्ताखियां'
शुरुआत 'आंखों की गुस्ताखियां' से ही करते हैं, जिसमें विक्रांत नेत्रहीन संगीतकार की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में शनाया उनकी प्रेमिका का किरदार अदा कर रही हैं। यह पहला मौका होगा, जब विक्रांत और शनाया पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। 'आंखों की गुस्ताखियां' भारत के मशहूर लेखक रस्किन बॉन्ड की लोकप्रिय लघु कहानी, 'द आइज हैव इट' पर आधारित है। इस फिल्म के निर्देशन की कमान संतोष सिंह ने संभाली है। फिल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
#2
'वृषभ'
बॉलीवुड में डेब्यू करने के बाद शनाया दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखेंगी। काफी समय वह पैन-इंडिया फिल्म 'वृषभ' को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। इस फिल्म के निर्देशक नंदा किशोर हैं, वहीं फिल्म की सह-निर्माता एकता कपूर हैं। मोहनलाल, रोशन मेका, जहरा एस खान, रागिनी द्विवेदी और श्रीकांत मेका भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। 'वृषभ' 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने को तैयार है। फिल्म को आप हिंदी, तेलुगू, कन्नड़, तमिल और मलयालम भाषा में देख पाएंगे।
#3
'तू या मैं'
शनाया की फिल्म 'तू या मैं' का भी दर्शक बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस थ्रिलर फिल्म में उनके साथ BAFTA के लिए नामांकन पा चुके अभिनेता आदर्श गौरव नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशक बिजॉय नांबियार कर रहे हैं, जो पिछली बार अजय देवगन और आर माधवन के साथ फिल्म 'शैतान' लेकर आए थे। फिल्म के निर्माता हैं आनंद एल राय। यह फिल्म अगले साल यानी 2026 में वैलेंटाइन डे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।