Page Loader
जन्मदिन विशेष: तनुश्री दत्ता ने बॉलीवुड में छोटे से सफर में भी बनाई अलग पहचान
तनुक्षी दत्ता ने छोटे सफर में भी बनाई अपनी अलग पहचान

जन्मदिन विशेष: तनुश्री दत्ता ने बॉलीवुड में छोटे से सफर में भी बनाई अलग पहचान

Mar 19, 2023
08:00 am

क्या है खबर?

तनुश्री दत्ता भारत में #MeToo आंदोलन की शुरुआत करने के लिए चर्चा में रहीं। अभिनेत्री ने 2021 में फिल्मों में वापसी की घोषणा की थी। इसके लिए वह कड़ा वर्कआउट और योगा कर रही हैं। प्रशंसक भी उनकी वापसी के इंतजार में हैं। तनुश्री का जन्म 19 मार्च, 1984 को हुआ था। बॉलीवुड में अपने छोटे से करियर में भी उन्होंने अपनी अच्छी-खासी पहचान बनाई है। आइए नजर डालते हैं बॉलीवुड में तनुश्री के सफर पर।

डेब्यू

'आशिक बनाया आपने' से किया था डेब्यू

तनुश्री ने 2005 में 'आशिक बनाया आपने' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में वह इमरान हाशमी के साथ नजर आई थीं। फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया था। यह फिल्म लव ट्रायंगल पर आधारित रोमांटिक ड्रामा फिल्म थी, जिसमें इमरान और तनुश्री के साथ सोनू सूद भी नजर आए थे। पहली ही फिल्म में अपने बोल्ड अंदाज से तनुश्री ने सनसनी मचा दी थी। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।

फिल्में

इन फिल्मों में आई थींं नजर

बॉलीवुड में तनुश्री का सफर छोटा ही था, लेकिन अपनी ग्लैमरस अवतार के कारण वह सुर्खियों में रहीं। 'आशिक बनाया आपने' के बाद वह 'भागम भाग' में अक्षय कुमार के साथ नजर आई थीं। फिल्म 'चॉकलेट' में भी उनका बोल्ड अवतार देखने को मिला। इनके अलावा वह 'ढोल', 'गुड बॉय बैड बॉय', 'रकीब' जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। 2010 में आई फिल्म 'अपार्टमेंट' उनकी आखिरी फिल्म थी। तनुश्री ने अपने डांस से भी खास लोकप्रियता पाई थी।

विवाद

नाना के साथ विवाद के बाद करियर पर लगा ब्रेक

2008 में नाना पाटेकर के साथ विवाद के बाद बॉलीवुड में उनके सफर पर ब्रेक लग गया। फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' की शूटिंग के दौरान तनुश्री ने नाना पर उन्हें गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था। हालांकि, तनुश्री के पास कोई कानूनी सबूत नहीं थे और वह कोई कार्रवाई नहीं कर सकीं। तनुश्री बता चुकी हैं कि इस घटना के बाद वह डिप्रेशन में चली गई थीं, जिससे निकलने में उन्हें काफी वक्त लगा।

#MeToo

ऐसे शुरू हुई #MeToo आंदोलन की शुरुआत

विवाद के बाद तनुश्री अमेरिका चली गई थीं। 2018 में तनुश्री वापस आईं और इस मुद्दे को फिर से उठाया। उन्होंने इस पुराने मामले पर चुप्पी तोड़ी तो देशभर की महिलाओं ने कार्यस्थल पर हुए शोषण के बारे में आपबीती सुनाई। हर क्षेत्र की महिलाओं ने अपने साथ हुई घटना के बारे में खुलकर बोलना शुरू कर दिया और भारत में भी #MeToo आंदोलन की शुरुआत हुई। इस आंदोलन में कई मशहूर लोगों पर यौन शोषण के आरोप लगे थे।

जानकारी

वापसी के लिए तैयार तनुश्री

तनुश्री ने एक बातचीत में अपनी वापसी पर कहा था, "मेरे पास कई ऑफर आए हैं। मैं बॉलीवुड और साउथ में वापसी के लिए पूरी तरह से तैयार हूं। मैं हॉलीवुड की ओर भी जरूर रुख करूंगी, लेकिन फिलहाल मेरा पूरा फोकस बॉलीवुड पर है।"