बॉक्स ऑफिस: फिल्म '12वीं फेल' की कमाई की रफ्तार धीमी, जानें कुल कारोबार
क्या है खबर?
विक्रांत मैसी आजकल अपनी फिल्म '12वीं फेल' की सफलता का आनंद उठा रहे हैं।
यह कंगना रनौत की 'तेजस' के साथ 27 अक्टूबर को रिलीज हुई थी।
जहां टिकट खिड़की पर 'तेजस' औंधे मुंह गिर गई तो वहीं विक्रांत की '12वीं फेल' को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है, जिसके चलते यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है।
हालांकि, 'टाइगर 3' के सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद '12वीं फेल' की कमाई लाखों में सिमट गई है।
बॉक्स ऑफिस
'खिचड़ी 2' से होगा '12वीं फेल' का मुकाबला
अब '12वीं फेल' की कमाई के 21वें दिन के आंकड़े सामने आ चुके हैं।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने गुरुवार को 95 लाख रुपये का कारोबार किया। अब फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 36.55 करोड़ रुपये हो गया है।
'12वीं फेल' को आप हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषा में भी देख सकते हैं।
'टाइगर 3' के बाद अब बॉक्स ऑफिस पर '12वीं फेल' का मुकाबला 'खिचड़ी 2' से होगा, जो सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।
12वीं फेल
महज 5 करोड़ रुपये की लागत में बनी है फिल्म
'12वीं फेल' अनुराग पाठक के इसी नाम से आए लोकप्रिय उपन्यास पर आधारित है।
इसमें मेधा शंकर भी हैं, जिन्होंने विक्रांत की प्रेमिका (श्रद्धा) का किरदार निभाया है। फिल्म में हरीश खन्ना, प्रियांशु चटर्जी, संजय बिश्नोई और सुकुमार टुडू भी हैं।
इस फिल्म को महज 5 करोड़ रुपये की लागत में बनाया गया है।
'12वीं फेल' से विधु विनोद चोपड़ा लंबे समय बाद निर्देशक की कुर्सी पर लौटे हैं। उन्होंने पिछली बार 2020 की फिल्म 'शिकारा' का निर्देशन किया था।