Page Loader
झारखंडः 26,000 पदों पर शिक्षक भर्ती के लिए इस तारीख से शुरू होगी परीक्षा
झारखंड शिक्षक भर्ती परीक्षा 10 फरवरी से होगी आयोजित

झारखंडः 26,000 पदों पर शिक्षक भर्ती के लिए इस तारीख से शुरू होगी परीक्षा

लेखन राशि
Jan 11, 2024
12:58 pm

क्या है खबर?

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के आयोजन की नई तारीख घोषित कर दी है। पहले ये परीक्षा 12 जनवरी से 31 जनवरी के बीच आयोजित होनी थी, लेकिन अब परीक्षा का आयोजन 10 फरवरी से किया जाएगा। आयोग ने नई परीक्षा तारीख को लेकर अधिसूचना जारी की है, जिसे उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से देख सकते हैं। बता दें कि इस भर्ती परीक्षा के जरिए झारखंड में 26,001 पद भरे जाने हैं।

पद

पहली से लेकर 8वीं तक की कक्षाओं में होगी नियुक्ति

इस भर्ती अभियान के तहत सहायक अध्यापक के 12,868 पद और अन्य शिक्षकों के 13,133 पद भरे जाने हैं। पहली से 5वीं के लिए 5,469 और 6वीं से 8वीं के लिए 7,399 सहायक अध्यापक की भर्ती होगी। पहली से 5वीं के लिए 5,531 और 6वीं से 8वीं के लिए 7,602 गैर सहायक शिक्षकों की नियुक्ति होगी। विभिन्न विषयों के लिए अलग-अलग शिक्षक नियुक्त होंगे। भर्ती में आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आरक्षण दिया जाएगा।

पद

पलामू में भरे जाएंगे सबसे ज्यादा पद

आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक पलामू में सबसे ज्यादा 2,403 पद भरे जाएंगे। गिरिडीह में 2,338, दुमका में 1,662, रांची में 1,435, देवघर में 1,352, चतरा में 1,282 पदों पर रिक्तियां भरी जाएंगी। इसके अलावा सरायकेला में 1,161, धनबाद में 1,105, गोड्डा में 1,061, गुमला में 1,039, हजारीबाग में 984, बोकारो में 968, गढ़वा में 962, साहिबगंज में 914, लातेहार में 810 पदों पर नियुक्ति होगी। वहीं, जामताड़ा में 809, पाकुड़ में 716 और कोडरमा में 528 पद भरे जाएंगे।

परीक्षा

ऐसा रहेगा परीक्षा का पैटर्न

लिखित परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित होगी। इसमें 3 प्रश्नपत्र होंगे और सभी में वस्तुनिष्ठ प्रकार के बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा में गलत उत्तर के लिए किसी भी प्रकार का नकारात्मक अंकन नहीं होगा। परीक्षार्थी जिस विषय समूह से TET पास होंगे, उसी विषय समूह में राज्य स्तरीय मेरिट लिस्ट के आधार पर उनका चयन होगा। उम्मीदवार आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से परीक्षा का विस्तृत पाठ्यक्रम देख सकते हैं।

आवेदन

दोबारा शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

अभी तक इस भर्ती के लिए केवल झारखंड के TET पास उम्मीदवारों से आवेदन मंगाए थे, लेकिन अब आयोग जल्द ही CTET पास और पडोसी राज्य के TET पास अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा। आधिकारिक वेबसाइट के होम पेज पर डायरेक्ट आवेदन का लिंक सक्रिय होगा। इस पर क्लिक कर अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। सभी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है, जबकि झारखंड निवासी आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 50 रुपये शुल्क देना होगा।