Page Loader
छत्तीसगढ़ PSC परिणाम: भाई-बहन ने साथ की पढ़ाई, बहन बनीं टॉपर तो टॉप-20 में आया भाई 
छत्तीसगढ़ PSC टॉपर प्रज्ञा नायक

छत्तीसगढ़ PSC परिणाम: भाई-बहन ने साथ की पढ़ाई, बहन बनीं टॉपर तो टॉप-20 में आया भाई 

लेखन राशि
May 12, 2023
03:53 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CG-PSC) ने राज्य प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2021 के अंतिम नतीजे जारी कर दिए हैं। परीक्षा में प्रज्ञा नायक ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। प्रज्ञा रायपुर की रहने वाली हैं। उनके भाई प्रखर ने भी परीक्षा में 20वां स्थान हासिल किया है। इसके अलावा रायपुर के शशांक और भूमिका ने तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया है। दोनों पति-पत्नी हैं और अब एक साथ डिप्टी कलेक्टर बन गए हैं।

प्रज्ञा

बंद कमरे में घंटो पढ़ाई करती थीं प्रज्ञा

24 वर्षीय प्रज्ञा साल 2020 से राज्य सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। पहले प्रयास में वे 2 नंबरों से सफल होने से चूक गई थीं। इसके बाद उन्होंने सुधार किया और साल 2021 के दूसरे प्रयास में मेहनत के साथ पढ़ाई की। वह बंद कमरे में घंटों पढ़ती थीं। सरकारी वेबसाइट और अखबार से नोट्स बनाती थीं। प्रज्ञा ने उत्तर लेखन पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने सोशल मीडिया और पारिवारिक कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी।

प्रख

प्रखर ने ऐसे की पढ़ाई

प्रज्ञा के भाई प्रखर ने परीक्षा में 20वां स्थान हासिल किया है। प्रखर NIT रायपुर से पास हैं और उन्होंने दिल्ली जाकर परीक्षा की तैयारी की थी। इसके बाद वह घर आकर पढाई करने लगे। इससे पहले उन्होंने 2 बार परीक्षा दी, लेकिन सफल नहीं हो पाए। प्रखर ने असफलताओं से हार नहीं मानी और लगातार मेहनत कर तीसरे प्रयास में सफलता पाई। प्रज्ञा और प्रखर के अफसर बनने की खुशी में पूरे परिवार में जश्न का माहौल है।

पति-पत्नी

पति-पत्नी की जोड़ी बनी डिप्टी कलेक्टर

रायपुर के रहने वाले शशांक गोयल ने तीसरी और उनकी पत्नी भूमिका ने चौथी रैंक हासिल की है। शशांक बिलासपुर में सब रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने तीसरे प्रयास में तीसरी रैंक हासिल की। पहली बार में वे प्रांरभिक परीक्षा पास नहीं कर पाए थे। दूसरे प्रयास में उन्हें 37वीं रैंक मिली। उन्होंने नौकरी ज्वाइन की और साथ में पढ़ाई की। शशांक और भूमिका ने सेल्फ स्टडी करके सफलता पाई है। अब दोनों IAS अधिकारी बनना चाहते हैं।

पढ़ाई

भूमिका ने मायके में की पढ़ाई, ससुराल आकर दी परीक्षा

भूमिका भी डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयनित हुई हैं। उन्होंने बताया "मुझे मायके वाले और ससुराल वालों का पूरा साथ मिला। सभी लोगों ने मेरा हौंसला बढ़ाया। मैंने परीक्षा की तैयारी अपने मायके में की और ससुराल आकर परीक्षा में शामिल हुई।" भूमिका का ये दूसरा प्रयास था। वे अपने पति शशांक के साथ पूरे सप्ताह का स्टडी प्लान बनाती थीं। दोनों एक दूसरे की गलतियां बताते थे और सुधार में मदद करते थे।

जानकारी

171 पदों पर होगी नियुक्ति

छत्तीसगढ़ PSC ने प्रदेश के 21 सरकारी विभागों में डिप्टी कलेक्टर, DSP, राजस्व सेवा, राज्य वित्त सेवा जैसे 171 पदों पर भर्ती के लिए 509 परीक्षार्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया था। इसके बाद गुरुवार रात को अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया।