
कौन हैं शैलेश जेजुरिकर, जिन्हें P&G का नया CEO किया गया नियुक्त?
क्या है खबर?
प्रॉक्टर एंड गैंबल (P&G) ने शैलेश जेजुरिकर को अपना अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। वह 1 जनवरी, 2026 को पदभार संभालेंगे और वर्तमान CEO जॉन मोलर की जगह लेंगे। कंपनी ने कहा कि उनका नेतृत्व संगठन को मजबूती देगा और आगे की दिशा में नई ऊर्जा देगा। जेजुरिकर अब अमेरिका में काम कर रहे भारतीय CEO की लंबी सूची में जुड़ गए हैं, जिसमें सुंदर पिचाई, सत्य नडेला, शांतनु नारायण और अन्य शामिल हैं।
परिचय
शैलेश जेजुरिकर का शिक्षा और करियर सफर
58 वर्षीय शैलेश ने हैदराबाद पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की, जहां वह नडेला के सहपाठी थे। बाद में उन्होंने एलफिंस्टन कॉलेज से स्नातक और फिर IIM-लखनऊ से MBA किया। 1989 में P&G में भारत के पर्सनल हेल्थ केयर विभाग में बतौर ब्रांड मैनेजर करियर शुरू किया और लगातार तरक्की करते गए। वह 2014 से कंपनी की ग्लोबल लीडरशिप टीम में शामिल हैं और कई देशों में नेतृत्व की भूमिका निभाई है।
अनुभव
वैश्विक अनुभव और नेतृत्व में मजबूत पकड़
जेजुरिकर को अक्टूबर, 2021 में कंपनी का COO बनाया गया। उन्होंने फैब्रिक केयर, होम केयर, सप्लाई चेन, IT और वैश्विक सेवाओं के क्षेत्रों में कंपनी के कई मुख्य प्रोजेक्ट्स को लीड किया। उनका अनुभव एशिया, यूरोप, अमेरिका और लैटिन अमेरिका जैसे बाजारों में फैला है। बोर्ड ने उनके योगदान को सराहा है और विश्वास जताया है कि वह कंपनी को नई ऊंचाई तक पहुंचाएंगे। उनकी रणनीतियों से P&G को भविष्य में लाभ मिल सकता है।