Page Loader
कौन हैं बाइटडांस के सह-संस्थापक झांग यिमिंग, जो बने चीन के सबसे अमीर व्यक्ति?
बाइटडांस के सह-संस्थापक झांग यिमिंग बने चीन के सबसे अमीर व्यक्ति

कौन हैं बाइटडांस के सह-संस्थापक झांग यिमिंग, जो बने चीन के सबसे अमीर व्यक्ति?

Mar 12, 2025
06:31 pm

क्या है खबर?

टिक-टॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस के सह-संस्थापक झांग यिमिंग चीन के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। 2021 तक वे बाइटडांस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और अध्यक्ष थे, लेकिन अब कंपनी के रोजमर्रा के काम में शामिल नहीं हैं। हालांकि, वे अब भी इसकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) रणनीति पर काम कर रहे हैं। बाइटडांस द्वारा AI में बीते कुछ समय में तेजी से निवेश बढ़ने के कारण यिमिंग की संपत्ति भी तेजी से बढ़ी है।

पढ़ाई

झांग यिमिंग ने कहां से की पढ़ाई?

यिमिंग का जन्म चीन के फुजियान प्रांत में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद तियानजिन के नानकाई विश्वविद्यालय से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान, वे दूसरों के कंप्यूटर ठीक करके और वेबसाइटें बनाकर पैसे कमाते थे। शुरू से ही उन्हें टेक्नोलॉजी में गहरी रुचि थी। यही रुचि आगे चलकर उनके बिजनेस का आधार बनी और उन्होंने खुद की कंपनी शुरू करने का सपना देखा।

करियर 

करियर की शुरुआत

स्नातक के बाद झांग ने माइक्रोसॉफ्ट में नौकरी की, लेकिन 6 महीने में ही छोड़ दी क्योंकि उन्हें यह काम उबाऊ लगा। फिर उन्होंने एक रियल एस्टेट वेबसाइट बनाई, लेकिन उनका असली सपना टेक्नोलॉजी से जुड़ा था। 2012 में, 29 साल की उम्र में, उन्होंने बाइटडांस की शुरुआत की। उनका मकसद ऐसा प्लेटफॉर्म बनाना था, जो मशीन लर्निंग से लोगों को उनकी पसंद की जानकारी दिखाए। टिक-टॉक की सफलता से उनकी कंपनी दुनिया में मशहूर हो गई।

संपत्ति

कितनी है यिमिंग की संपत्ति?

झांग ज्यादा सामाजिक नहीं हैं और अकेले काम करना पसंद करते हैं। उन्होंने खुद कहा है कि वे अच्छे मैनेजर नहीं हैं, बल्कि नई तकनीकों पर रिसर्च करना पसंद करते हैं। वे AI को और आगे ले जाना चाहते हैं और इसके लिए बाइटडांस में टॉप टैलेंट को भर्ती कर रहे हैं। वर्तमान में उनकी संपत्ति 65.5 अरब डॉलर (लगभग 5,700 अरब रुपये) है और संपत्ति कंपनी में उनकी 21 हिस्सेदारी की वजह से है।