
कौन हैं एलिस वाल्टन, जो बनीं दुनिया की सबसे अमीर महिला?
क्या है खबर?
एलिस वाल्टन दुनिया की सबसे अमीर महिला बन गई हैं। फोर्ब्स की 2025 की अरबपतियों की सूची में उनकी कुल संपत्ति 102.6 अरब डॉलर (लगभग 8,800 अरब रुपये) हो गई है, जो पिछले साल से 28.7 अरब डॉलर ज्यादा है। इससे पहले यह स्थान लोरियल की उत्तराधिकारी फ्रेंकोइस बेटेनकोर्ट मेयर्स के पास था। वॉलमार्ट के शेयरों में आई बढ़त के कारण वाल्टन ने यह शीर्ष स्थान हासिल किया है। सूची में कुल 3,028 अरबपतियों में से 406 महिलाएं हैं।
परिचय
कौन हैं एलिस वाल्टन?
वाल्टन अमेरिका की बड़ी रिटेल कंपनी वॉलमार्ट के संस्थापक सैम वाल्टन की बेटी हैं। उनका जन्म 7 अक्टूबर 1949 को अर्कांसस राज्य के न्यूपोर्ट शहर में हुआ था। उन्होंने ट्रिनिटी यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है। उनके 2 भाई भी अरबपति हैं और पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। वाल्टन खुद वॉलमार्ट के संचालन में नहीं हैं, बल्कि कला के क्षेत्र में रुचि रखती हैं और संग्रहालयों से जुड़ी हुई हैं।
जीवन
कला प्रेम और निजी जीवन
वाल्टन का जीवन बहुत साधारण और निजी रहा है। वह वॉलमार्ट के बोर्ड से दूर रहकर कला के संरक्षण में लगी रहती हैं। उन्होंने 2011 में अर्कांसस के बेंटनविले में क्रिस्टल ब्रिजेस म्यूजियम ऑफ अमेरिकन आर्ट की स्थापना की। वह हमेशा से कला की समर्थक रही हैं और अमेरिका की संस्कृति को सहेजने का काम कर रही हैं। पिछले कुछ वर्षों से वह महिलाओं की अमीरी की सूची में शीर्ष स्थान के करीब बनी हुई थीं।