Page Loader
शेयर बाजार: 600 अंक ऊपर चढ़ा सेंसेक्स, क्या है इस तेजी की वजह?
शेयर बाजार में 600 अंक ऊपर चढ़ा सेंसेक्स (तस्वीर: फ्रीपिक)

शेयर बाजार: 600 अंक ऊपर चढ़ा सेंसेक्स, क्या है इस तेजी की वजह?

Jun 26, 2025
11:35 am

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (26 जून) लगातार तीसरे दिन बढ़त देखने को मिल रही है। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बाजार खुलने के कुछ देर बाद सेंसेक्स 625 अंक की तेजी के साथ 83,380 के करीब पहुंच गया, जबकि निफ्टी 193 अंक चढ़कर 25,437 के आसपास ट्रेड कर रहा है। यह निफ्टी का 9 महीने का उच्चतम स्तर है। टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और अडाणी पोर्ट्स जैसे शेयरों में अच्छी खरीदारी देखी जा रही है।

वजह

अंतरराष्ट्रीय संकेत से बाजार में तेजी

शेयर बाजार में आज तेजी के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय संकेत जिम्मेदार हैं। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित वार्ता और इजराइल-ईरान तनाव में कमी से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। एशियाई बाजारों में मजबूती दिखी, जहां जापान का निक्केई और चीन का शंघाई कंपोजिट हरे निशान पर रहा। अमेरिकी बाजारों में वायदा कारोबार सकारात्मक दिखा, जिससे निवेशकों को उम्मीदें मिलीं। इसके साथ ही, डॉलर की कमजोरी से रुपया 21 पैसे मजबूत हुआ, जिससे भी बाजार में सहारा मिला।

अन्य

घरेलू हालात और कंपनियों की खरीदारी 

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा बुलेटिन में घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत मिला है। इसमें कहा गया कि भारत की औद्योगिक और सेवा गतिविधियां अभी भी अच्छी स्थिति में हैं। इसके अलावा, भारती एयरटेल और रिलायंस जैसे बड़े शेयरों में 2 प्रतिशत तक की बढ़त देखी गई, जिससे सूचकांक को बल मिला। मजबूत घरेलू आर्थिक संकेतों और हैवीवेट शेयरों की खरीदारी ने आज के बाजार की तेजी में अहम योगदान दिया है।