Loading...
चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, 2 लाख रुपये प्रति किलो से नीचे आया भाव
चांदी की कीमत 2 लाख रुपये से नीचे

चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, 2 लाख रुपये प्रति किलो से नीचे आया भाव

Oct 23, 2026
04:17 pm

क्या है खबर?

चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। शुक्रवार (23 अक्टूबर) को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का भाव 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से नीचे आ गया। कारोबार के दौरान इसकी कीमत करीब 4,500 रुपये गिरकर 1.95 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी अपने 4.20 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर से करीब 53.5 फीसदी नीचे कारोबार कर रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इसकी कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है।

वजह

औद्योगिक मांग में कमी से घटे दाम

चांदी की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह औद्योगिक मांग में कमी है।

चांदी का इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक चिप, सौर पैनल और कई अन्य उत्पाद बनाने में होता है। इन क्षेत्रों में मांग कमजोर होने से इसकी खपत पर असर पड़ा है। खासकर चीन में सौर पैनल की मांग में गिरावट ने बाजार पर दबाव बढ़ाया है।

औद्योगिक इस्तेमाल के लिए चांदी की जरूरत घटने से इसकी कीमतों में कमजोरी देखने को मिल रही है।

अन्य वजह

मजबूत डॉलर और ब्याज दरों का असर

अमेरिकी डॉलर की मजबूती और बॉन्ड पर ज्यादा रिटर्न मिलने की वजह से भी चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

ऊंची ब्याज दरों के माहौल में निवेशकों के लिए चांदी में पैसा लगाना कम आकर्षक हो जाता है। इसके अलावा, घरेलू बाजार में सप्लाई की दिक्कतें कम होने और अतिरिक्त कीमत यानी प्रीमियम घटने से भी भाव नीचे आए हैं।

इन कारणों से चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है।

ADVERTISEMENT

उम्मीद

दिसंबर तक कीमतों में सुधार की उम्मीद

मौजूदा गिरावट के बावजूद चांदी की कीमतों में आगे सुधार की संभावना जताई जा रही है।

बाजार के अनुमान के मुताबिक, दिसंबर, 2026 के अंत तक भारत में चांदी का भाव 2.35 से 2.40 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 65 से 67 डॉलर प्रति औंस रहने का अनुमान है।

हालांकि, ये केवल अनुमान हैं। निवेश करने से पहले कीमतों में उतार-चढ़ाव और बाजार की स्थिति को ध्यान में रखना जरूरी है।

ADVERTISEMENT