शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स पहली बार 70,000 पार
शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से चली आ रही तेजी आज (11 दिसंबर) भी जारी है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सेंसेक्स करीब 100 अंको की तेजी के साथ खुला और पहली बार 70,000 के स्तर को पार कर गया। सुबह करीब 9:28 मिनट पर 70,048 के अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर था और खबर लिखे जाने तक 117 अंको की बढ़ोतरी के साथ 69,942 पर कारोबार कर रहा था। सोमवार को निफ्टी में भी तेजी है।
निफ्टी का क्या हाल?
निफ्टी 50 की बात करें तो सुबह यह 20,934 के स्तर पर खुला। खबर लिखे जाने के समय यह 20,995 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी के टॉप गेनर शेयरों की सूची में ONGC, कोल इंडिया, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा और SBI आदि शामिल हैं, वहीं डॉक्टर रेड्डी, सिप्ला, एशियन पेंट्स आदि टॉप लूजर्स में हैं। आज अडाणी के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिल रही है। अडाणी ग्रीन एनर्जी आज करीब 2 प्रतिशत टूटा है।
वैश्विक बाजारों का क्या हाल?
वैश्विक बाजारों की बात करें तो आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिका में बेरोजगारी दर में कमी आने से बाजार में बढ़त दिखी, वहीं चीनी बाजार में थोड़ी सुस्ती छाई रही। कच्चे तेल के दामों में भी पिछले 6 दिनों से गिरावट देखी जा रही थी, जो अब थमी है। आज कच्चे तेल के भाव में लगभग 2 प्रतिशत की बढ़त देखी गई। एशियाई बाजारों में निक्केई हरे निशान में, जबकि हैंगसेंग लाल निशान में कारोबार कर रहा है।