Loading...
रेलवे बोनस 2026: किन कर्मचारियों को कितना पैसा मिलेगा?
रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन के बोनस की मंजूरी

रेलवे बोनस 2026: किन कर्मचारियों को कितना पैसा मिलेगा?

Oct 14, 2026
06:02 pm

क्या है खबर?

त्योहारों से पहले रेलवे कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने बुधवार (14 अक्टूबर) को पात्र कर्मचारियों को 78 दिन की सैलरी के बराबर बोनस देने की मंजूरी दे दी। इस फैसले से करीब 11.41 लाख गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को फायदा होगा। सरकार इस बोनस पर कुल 2,009.61 करोड़ रुपये खर्च करेगी। यह राशि वित्त वर्ष 2025-26 में रेलवे के अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए दी जा रही है।

बोनस

किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस?

इस बोनस का फायदा भारतीय रेलवे के पात्र गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा। इस योजना का उद्देश्य कर्मचारियों के काम और रेलवे के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना है।

इनमें लोको पायलट, ट्रैक मेंटेनर, स्टेशन मास्टर, ट्रेन मैनेजर यानी गार्ड, टेक्नीशियन, पॉइंट्समैन और ग्रुप सी के दूसरे कर्मचारी शामिल हैं। सुपरवाइजर और मंत्रालय से जुड़े पात्र कर्मचारी भी इसका लाभ ले सकेंगे।

हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारी आमतौर पर इस बोनस के दायरे में नहीं आते।

रकम

हर कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये मिलेंगे

सरकार की मंजूरी के मुताबिक, हर पात्र कर्मचारी को 78 दिन के बोनस के रूप में अधिकतम 17,951 रुपये मिलेंगे।

इसकी गणना के लिए 7,000 रुपये मासिक वेतन की सीमा तय है। यह सीमा 2014-15 से नहीं बदली है। इसलिए ज्यादा वेतन पाने वाले कर्मचारियों को भी इसी आधार पर बोनस मिलेगा।

रेलवे कर्मचारी संगठन लंबे समय से इस सीमा को बढ़ाकर 18,000 रुपये करने की मांग कर रहे हैं, ताकि बोनस की रकम बढ़ सके।

ADVERTISEMENT

अन्य

पिछले साल भी मिला था 78 दिन का बोनस

सरकार ने सितंबर, 2025 में करीब 10.91 लाख रेलवे कर्मचारियों के लिए 78 दिन के बोनस को मंजूरी दी थी।

उस समय इस पर 1,865.68 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। कर्मचारी संगठनों की मांग है कि बोनस की गणना 18,000 रुपये मासिक वेतन और महंगाई भत्ते के आधार पर की जाए।

उनके हिसाब से ऐसा होने पर बोनस करीब 46,184 रुपये हो सकता है। हालांकि, इस बार भी वेतन सीमा बढ़ाने का फैसला नहीं हुआ है।

ADVERTISEMENT