Page Loader
नोकिया करेगी 14,000 कर्मचारियों की छंटनी, बिक्री में गिरावट कारण
नोकिया 14,000 नौकरियों में कटौती करेगा

नोकिया करेगी 14,000 कर्मचारियों की छंटनी, बिक्री में गिरावट कारण

लेखन गजेंद्र
Oct 19, 2023
12:53 pm

क्या है खबर?

फिनलैंड की टेलीकॉम कंपनी नोकिया ने गुरुवार को जानकारी दी कि 5G उपकरणों की बिक्री में गिरावट के कारण वो 14,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने तीसरी तिमाही में बिक्री में 20 प्रतिशत गिरावट के बाद यह फैसला लिया है। अमेरिका जैसे देशों में नोकिया 5G उपकरणों की धीमी मांग से जूझ रही है और कम मुनाफे वाले भारतीय बाजार में बिक्री बढ़ाकर इस नुकसान की भरपाई की कोशिश कर रही है।

गिरावट

छंटनी के बाद नोकिया में बचेंगे 72,000-77,000 कर्मचारी

कंपनी ने अपने बयान में बताया कि छंटनी के बाद अभी 86,000 कर्मचारियों वाली नोकिया में 72,000 से 77,000 कर्मचारी रह जाएंगे। कंपनी को उम्मीद है कि इससे उसकी लागत में कमी आएगी और बिक्री में गिरावट की भरपाई हो सकेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, तिमाही आधार पर शुद्ध बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है। यह करीब 548 करोड़ रुपये से गिरकर करीब 437 करोड़ रुपये हो गई है।

संकट

क्या बोले नोकिया के प्रेसीडेंट और मुख्य कार्यकारी अधिकारी?

नोकिया के प्रेसीडेंट और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पेक्का लुंडमार्क ने कहा, "हमारी तीसरी तिमाही की शुद्ध बिक्री मौजूदा अनिश्चितता से प्रभावित हुई है। हमें चौथी तिमाही में अपने नेटवर्क व्यवसायों में अधिक सामान्य सीजनल सुधार की उम्मीद है।" उन्होंने कहा, "बाजार की अनिश्चितता को समायोजित करने, दीर्घकालिक लाभ और प्रतिस्पर्धा को सुरक्षित करने के लिए लागत को रीसेट करना जरूरी है।" नोकिया ने 2026 तक 80 करोड़ यूरो (70 अरब रुपये) से अधिक का बचत लक्ष्य रखा है।