Loading...
अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक क्यों बढ़ा रहा ट्रेडिंग का समय? 23 घंटे खुला रहेगा बाजार
नैस्डैक बढ़ाएगा ट्रेडिंग का समय

अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक क्यों बढ़ा रहा ट्रेडिंग का समय? 23 घंटे खुला रहेगा बाजार

Aug 18, 2026
10:23 am

क्या है खबर?

अमेरिका का प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज नैस्डैक ट्रेडिंग समय को बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। प्रस्ताव के तहत अमेरिकी शेयर बाजार हफ्ते में 5 दिन, रोजाना करीब 23 घंटे ट्रेडिंग के लिए खुला रह सकता है। फिलहाल नैस्डैक पर ट्रेडिंग सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक होती है। नए बदलाव के बाद रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक एक अतिरिक्त सत्र शुरू होगा। इससे दुनियाभर के निवेशकों को अमेरिकी शेयरों में कारोबार का ज्यादा समय मिलेगा।

वजह

क्यों बढ़ाया जा रहा है समय?

नैस्डैक ट्रेडिंग समय बढ़ाकर अमेरिकी शेयरों की दुनियाभर में बढ़ती मांग को पूरा करना चाहता है।

एक्सचेंज के मुताबिक, लंबे कारोबारी समय से कंपनियों को दुनियाभर के निवेशकों से पूंजी जुटाने और पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे निवेशकों को अमेरिकी शेयरों में कारोबार के ज्यादा अवसर मिल सकते हैं।

हालांकि, सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाला नियमित सत्र कीमत तय करने का मुख्य संदर्भ बना रहेगा। यह बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद करेगा।

सत्र

दिसंबर से शुरू हो सकता है नया सत्र

प्रस्तावित बदलाव को अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) की मंजूरी मिलने के बाद लागू किया जा सकता है।

नैस्डैक के मुताबिक, नया 23 घंटे का शेड्यूल रविवार 6 दिसंबर, 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। कारोबार रविवार रात 9 बजे शुरू होकर शुक्रवार रात 8 बजे तक चल सकता है।

हर दिन रात 8 बजे से 9 बजे तक एक घंटे का ब्रेक रहेगा। इस दौरान प्रोसेसिंग और अगली ट्रेडिंग डेट की तैयारी की जाएगी।

ADVERTISEMENT

पाबंदियां

ओवरनाइट ट्रेडिंग में कुछ पाबंदियां रहेंगी

नए ओवरनाइट सत्र में निवेशकों को कुछ अलग नियमों का पालन करना होगा।

ट्रेडिंग के लिए नए कनेक्शन पोर्ट की जरूरत पड़ सकती है और कुछ ऑर्डर उपलब्ध नहीं होंगे। सुबह 4 बजे तक खुले रहने वाले कुछ ऑर्डर अपने आप रद्द किए जा सकते हैं। नैस्डैक कीमतों में अचानक बड़े बदलाव रोकने के लिए कुछ सुरक्षा उपाय भी रखेगा।

नए सत्र का ट्रेडिंग डाटा अलग मार्केट-डाटा फीड से उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि कुछ एक्सचेंज पुराने समय पर काम करेंगे।

ADVERTISEMENT