मार्क जुकरबर्ग ने आयरलैंड में खरीदा 200 साल पुराना ऐतिहासिक महल, कितनी है कीमत?
क्या है खबर?
मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने आयरलैंड में एक ऐतिहासिक महल खरीदा है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने दक्षिण-पूर्व आयरलैंड में मौजूद स्ट्रैंकली कैसल को अपने रियल एस्टेट पोर्टफोलियो में शामिल किया है। कंपनी के प्रवक्ता ने भी इस खरीद की पुष्टि की है। हालांकि, महल के लिए चुकाई गई रकम की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह खरीद ऐसे समय हुई है, जब आयरलैंड लंबे समय से मेटा के लिए यूरोप का अहम कारोबारी केंद्र बना हुआ है।
महल
करीब 200 साल पुराना है यह महल
स्ट्रैंकली कैसल काउंटी वॉटरफोर्ड में ब्लैकवॉटर नदी के किनारे स्थित है।
इस महल को करीब 1830 के आसपास गोथिक शैली में बनाया गया था। इसे आयरलैंड की ऐतिहासिक संपत्तियों में गिना जाता है। साल 2003 में यहां बड़े स्तर पर मरम्मत और संरक्षण का काम भी कराया गया था।
इसकी खास लोकेशन डबलिन स्थित मेटा के यूरोपीय मुख्यालय से करीब 200 किलोमीटर दूर है। ऐतिहासिक वास्तुकला और आसपास का प्राकृतिक इलाका इसे खास बनाता है।
कीमत
महल की कीमत 3 करोड़ यूरो तक
स्ट्रैंकली कैसल के लिए जुकरबर्ग ने कितनी रकम चुकाई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हालांकि, इसकी कीमत 2 करोड़ से 3 करोड़ यूरो (लगभग 220-330 करोड़ रुपये) के बीच होने का अनुमान लगाया गया है। यह सौदा अभी आयरलैंड के आधिकारिक प्रॉपर्टी प्राइस रजिस्टर में दर्ज नहीं हुआ है।
मेटा के प्रवक्ता के मुताबिक, जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिसिला चान इस ऐतिहासिक संपत्ति की देखभाल जारी रखने और आयरलैंड में समय बिताने को लेकर उत्साहित हैं।
कानूनी मामले
अमेरिका में कानूनी मामले का सामना कर रही मेटा
आयरलैंड मेटा के लिए लंबे समय से महत्वपूर्ण बाजार है और कंपनी वहां करीब 1,500 लोगों को रोजगार देती है।
दूसरी ओर, अमेरिका में मेटा कई राज्यों के कानूनी मामले का सामना कर रही है। राज्यों ने आरोप लगाया है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम युवाओं को ज्यादा समय तक प्लेटफॉर्म पर रखने के लिए डिजाइन किए गए हैं।
बच्चों के निजी डेटा से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं। मेटा ने इन आरोपों से इनकार किया है।