Loading...
AI कंपनियों के शेयर गिरे तो दुनियाभर के बाजारों पर पड़ेगा असर, IMF ने जताई चिंता
AI शेयर गिरे तो दुनियाभर के बाजारों पर पड़ेगा असर

AI कंपनियों के शेयर गिरे तो दुनियाभर के बाजारों पर पड़ेगा असर, IMF ने जताई चिंता

Oct 13, 2026
05:29 pm

क्या है खबर?

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने चेतावनी दी है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के शेयरों की कीमतों में बड़ी गिरावट दुनियाभर के वित्तीय बाजारों को प्रभावित कर सकती है। संस्था के मुताबिक, AI कंपनियों का बढ़ता मूल्यांकन और कारोबार के लिए लिया जा रहा कर्ज जोखिम बढ़ा रहा है। IMF ने अपनी नई वैश्विक वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट में कहा कि AI क्षेत्र में निवेश से जुड़ी समस्याएं शेयर बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव पैदा कर सकती हैं।

आशंका

AI में निवेश उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा तो बढ़ेगी परेशानी

IMF के मुताबिक, AI कंपनियों में किया जा रहा भारी निवेश अगर उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं दे पाया, तो उनके शेयरों की कीमतों में गिरावट आ सकती है।

इसका असर केवल अमेरिका तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एशियाई बाजार भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।

ब्रिटेन और यूरोप पर सीधा असर अपेक्षाकृत कम हो सकता है, लेकिन अमेरिकी बाजार में निवेश करने वाली वहां की कंपनियों और निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

निर्भरता

इन बड़ी टेक कंपनियों पर बाजार की निर्भरता बढ़ी

अमेरिका में अल्फाबेट, अमेजन, ऐपल, मेटा, माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया और टेस्ला जैसी 7 बड़ी टेक कंपनियों का शेयर बाजार में बड़ा हिस्सा है।

इनका संयुक्त मूल्य पिछले 2 वर्षों में 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है। S&P 500 सूचकांक में इनकी हिस्सेदारी 35 प्रतिशत से ज्यादा हो गई है, जो करीब एक दशक पहले 12 प्रतिशत थी।

IMF ने आशंका जताई कि AI से होने वाला आर्थिक फायदा उम्मीद से कम रहा, तो कंपनियों के शेयरों में गिरावट आ सकती है।

ADVERTISEMENT

अन्य

कर्ज और साइबर हमले भी वित्तीय स्थिरता के लिए खतरा

IMF ने AI कंपनियों के बढ़ते कर्ज के अलावा सरकारी उधारी और बड़े साइबर हमले को भी वित्तीय स्थिरता के लिए प्रमुख खतरा बताया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 3 वर्षों में बड़ी बुनियादी ढांचा कंपनियों और कमजोर AI कंपनियों के बीच करीब 300 अरब डॉलर के सौदे हुए।

इसके साथ 650 अरब डॉलर का कर्ज और भविष्य में 1.4 लाख करोड़ डॉलर की वित्तीय प्रतिबद्धताएं जुड़ी हैं। बाजार में गिरावट आने पर कर्ज का दबाव नुकसान बढ़ा सकता है।

ADVERTISEMENT