Page Loader
EPFO ने PF निकालने की सीमा बढ़ाई, अब 5 लाख रुपये तक मिलेगा ऑटो-क्लेम 
EPFO ने PF निकालने की सीमा बढ़ाई

EPFO ने PF निकालने की सीमा बढ़ाई, अब 5 लाख रुपये तक मिलेगा ऑटो-क्लेम 

Jun 24, 2025
09:29 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने कर्मचारियों के लिए PF निकालने की सीमा बढ़ा दी है। अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्य ऑटो-क्लेम प्रक्रिया के तहत 5 लाख रुपये तक की राशि निकाल सकते हैं। पहले यह सीमा 1 लाख रुपये थी। यह सुविधा उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिन्हें अचानक पैसों की जरूरत होती है। यह कदम कोरोना महामारी के समय शुरू हुई सुविधा को और आगे बढ़ाता है, जिससे फंड तक तेज पहुंच आसान हो सके।

नियम

नियम और समयसीमा की जानकारी

EPFO के नए नियम के तहत अगर आपका क्लेम सभी शर्तों को पूरा करता है और ऑटो-क्लेम प्रक्रिया के अंतर्गत आता है, तो पैसा 3 दिन यानी 72 घंटे के भीतर आपके अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। यह प्रक्रिया दस्तावेज के किसी झंझट के बिना होती है, बशर्ते UAN (UAN) से आधार, बैंक अकाउंट और पैन कार्ड लिंक हो। यह सुविधा सिर्फ एडवांस क्लेम के लिए है, जैसे इलाज, शादी या घर बनाने जैसी जरूरतें।

सराहना

लोगों ने की फैसले की सराहना

EPFO के इस फैसले की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है। एक्स पर एक यूजर ने लिखा कि 5 लाख रुपये की ऑटो-क्लेम सीमा बढ़ना एक बड़ी राहत है। इससे जरूरतमंद लोगों को अपने पैसे तक तेजी से पहुंच मिल सकेगी, जो सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि सम्मान है। सरकार का यह फैसला बिना कागजी प्रक्रिया के त्वरित सहायता देने में मददगार है। यह सही दिशा में उठाया गया एक जरूरी कदम माना जा रहा है।

सदस्य

EPFO में जुड़े नए सदस्य

श्रम मंत्रालय के अनुसार, अप्रैल, 2025 में EPFO से 19.14 लाख नए सदस्य जुड़े हैं। यह मार्च, 2025 की तुलना में 31 प्रतिशत और पिछले साल की तुलना में 1.17 प्रतिशत अधिक है। इनमें सबसे ज्यादा 18-25 वर्ष की आयु के युवा शामिल हैं। अकेले इसी वर्ग से 4.89 लाख लोग जुड़े। महाराष्ट्र इस समय सबसे ज्यादा नए सदस्य जोड़ने वाले राज्यों में सबसे ऊपर है। बढ़ती नौकरियों और जागरूकता से सदस्यता में तेजी देखी जा रही है।