BMW में 8,000 नौकरियों की कटौती की तैयारी, कर्मचारियों की भीड़ से HR पोर्टल ठप
क्या है खबर?
कार निर्माता दिग्गज कंपनी BMW ने बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी की योजना बनाई है। इससे कंपनी के मानव संसाधन (HR) सिस्टम को तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा है। दरअसल, कंपनी ने कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने की योजना शुरू की, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग पोर्टल पर पहुंच गए। इससे सिस्टम धीमा पड़ गया और कुछ समय के लिए बंद हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 40,000 कर्मचारी इससे जुड़े प्रस्ताव देख सकते थे।
प्रस्ताव
कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने के बदले मिलेगा प्रस्ताव
BMW ने पात्र कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है।
इसके तहत कर्मचारी कंपनी के आंतरिक पोर्टल पर अपने लिए तैयार किए गए प्रस्ताव देख सकते हैं और उसके आधार पर फैसला ले सकते हैं। कंपनी के एक प्रवक्ता ने बताया कि कर्मचारियों को ईमेल मिलने के बाद पोर्टल पर गतिविधि तेजी से बढ़ी।
इसी वजह से सिस्टम पर दबाव पड़ा। हालांकि, कंपनी ने तकनीकी खराबी से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
योजना
2027 तक जर्मनी में कम होंगी 8,000 नौकरियां
BMW ने जून में घोषणा की थी कि वह 2027 के अंत तक जर्मनी में करीब 8,000 नौकरियां कम करेगी।
इस योजना का मुख्य असर प्रशासनिक पदों पर पड़ने की संभावना है, जबकि उत्पादन से जुड़े कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित नहीं होने की बात कही गई है। कंपनी 2027 के मध्य तक विभिन्न विभागों और उनसे जुड़े प्रबंधन पदों में भी 20 प्रतिशत तक कटौती करना चाहती है।
इसका उद्देश्य खर्च घटाना और संगठन को अधिक प्रभावी बनाना है।
अन्य
दूसरी कार कंपनियां भी कर रही हैं छंटनी
वैश्विक वाहन उद्योग में खर्च घटाने के लिए कई कंपनियां नौकरियों में कटौती कर रही हैं।
फॉक्सवैगन समूह ने दुनियाभर में करीब 1 लाख नौकरियां कम करने की योजना बनाई है, जबकि पोर्श ने 2035 तक लगभग 9,000 पद खत्म करने का लक्ष्य रखा है। रेनॉल्ट अपने इंजीनियरिंग कर्मचारियों की संख्या 15 से 20 प्रतिशत तक घटाने की तैयारी में है।
वहीं, जनरल मोटर्स ने 2026 में अमेरिका में 1,700 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की है।